AMIT LEKH

Post: अपराधियों पर दोहरा वार : सोशल मीडिया पर हथियार प्रदर्शन और पुलिस पर हमला, दोनों पर सख्त कार्रवाई

अपराधियों पर दोहरा वार : सोशल मीडिया पर हथियार प्रदर्शन और पुलिस पर हमला, दोनों पर सख्त कार्रवाई

पश्चिम चम्पारण से विशेष ब्यूरो का संकलन : 

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

पश्चिम चम्पारण, (रमेश ठाकुर)। बिहार पुलिस मुख्यालय ने सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन और पुलिस पर हमला से जुड़े मामलों में की गई कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा जारी किया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में राज्यभर में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्राप्त विज्ञप्ति के अनुसार 5 मई से 14 जुलाई 2026 तक सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन के 102 मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 130 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया तथा 40 हथियार जब्त किए गए। सर्वाधिक मामले पटना में दर्ज हुए, जबकि नवगछिया, गोपालगंज, सीतामढ़ी और मोतिहारी में भी कई कार्रवाई की गई। बिहार पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ, जातीय या सांप्रदायिक टिप्पणी, आपत्तिजनक पोस्ट और वायरल वीडियो पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। जनवरी से अब तक ऐसे 514 मामलों की पहचान कर कार्रवाई के लिए भेजा गया, जिनमें 251 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है, जबकि शेष मामलों की प्रक्रिया जारी है। वहीं पुलिस पर हमला से जुड़े मामलों में 5 जुलाई से 10 जुलाई तक विशेष अभियान चलाकर 348 आरोपितों की गिरफ्तारी की गई। इस अभियान के तहत वांछित अपराधियों की धरपकड़ के साथ लंबित कांडों के निष्पादन पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस मुख्यालय ने बताया कि कई मामलों में डायल-112 की टीम पर भी हमला किया गया है। ऐसे मामलों में संबंधित आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।बिहार पुलिस ने आम लोगों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, भड़काऊ पोस्ट या कानून का उल्लंघन करने वाली सामग्री न तो साझा करें और न ही उसे बढ़ावा दें। पुलिस ने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Comments are closed.

Recent Post