बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
बोलीं महापौर मुख्यमंत्री शहरी समग्र विकास योजना से चयनित इस सड़क व नाला निर्माण व योजना को प्रमंडलीय आयुक्त ने दे दी है प्रशासनिक स्वीकृति
सम्पूर्ण नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों को बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध कराने को महापौर ने बताया अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी समग्र विकास योजना के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 2 में अवस्थित पश्चिम करगहिया जाने वाली रोड और नाला निर्माण की एक महत्वपूर्ण योजना को प्रमंडलीय आयुक्त, मुजफ्फरपुर द्वारा प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि योजना की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद अब नगर निगम स्तर से शीघ्र निविदा जारी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। महापौर ने बताया कि स्वीकृत योजना के तहत नगर निगम के वार्ड संख्या-2 में सिकारिया गार्डन के पूर्वी कोने से पश्चिमी करगहिया जाने वाली सड़क पर शिवजी साह के घर तक सड़क एवं नाला का निर्माण कराया जाएगा। इस योजना की तकनीकी स्वीकृति एवं प्रशासनिक स्वीकृति दोनों 1 करोड़ 76 लाख 6 हजार 600 रुपये की राशि से प्रदान की गई है। श्रीमती सिकारिया ने कहा कि यह योजना लंबे समय से स्थानीय लोगों की प्रमुख मांग रही है। सड़क एवं नाला निर्माण होने से आवागमन की सुविधा बेहतर होगी, जलजमाव की समस्या में कमी आएगी तथा क्षेत्र के समग्र शहरी विकास को गति मिलेगी। महापौर ने कहा कि नगर निगम प्रशासन को आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया गया है, ताकि जल्द से जल्द निविदा प्रकाशित कर संवेदक का चयन किया जा सके और निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जा सकेगा। महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि सम्पूर्ण नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों को बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।








