AMIT LEKH

Post: चुनाव आयोग पहुंची जन सुराज, बीजेपी और पटना पुलिस पर लगाया उत्पीड़न व आचार संहिता उल्लंघन का आरोप

चुनाव आयोग पहुंची जन सुराज, बीजेपी और पटना पुलिस पर लगाया उत्पीड़न व आचार संहिता उल्लंघन का आरोप

विशेष ब्यूरो पटना की रिपोर्ट : 

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बीजेपी ने जन सुराज उम्मीदवार प्रशांत किशोर पर चुनावी खर्च सीमा उल्लंघन, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट और कथित मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से जांच की मांग की थी

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर चुनाव प्रचार जारी है। 30 जुलाई को मतदान होने है, जिसे लेकर सभी उम्मीदवार घर-घर जाकर मतदाताओं से मिल रहे हैं और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। इसी बीच आज प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी चुनाव आयोग के दफ्तर पहुंच गई। आयोग के समक्ष बीजेपी और पटना पुलिस की शिकायत की। बता दें कि इससे पहले बीजेपी ने जनसुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर के चुनावी खर्च को लेकर सवाल उठाया था और इस बात की शिकायत चुनाव आयोग से की थी। बीजेपी ने आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप प्रशांत किशोर पर लगाया।

फोटो : दिवाकर

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बीजेपी ने जन सुराज उम्मीदवार प्रशांत किशोर पर चुनावी खर्च सीमा उल्लंघन, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट और कथित मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से जांच की मांग की थी। बीजेपी के चुनाव आयोग में शिकायत करने के अगले दिन ही प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी चुनाव आयोग पहुंच गई। पीके की पार्टी ने बुधवार को चुनाव आयोग से भारतीय जनता पार्टी और पटना पुलिस के बारे में शिकायत की। यह आरोप लगाया कि पुलिस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को जबरन परेशान कर रही है। जनसुराज ने भी भाजपा पर आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन करने का आरोप लगाया। जन सुराज पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य निर्वाचन पदाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने इस बात की जानकारी मीडिया को दी। कहा कि जन सुराज के कार्यकर्ताओं को पुलिस जबरन परेशान कर रही है। बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर के समर्थन में लगे जनसुराज के नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस बेवजह थाने में ले जाकर पूछताछ कर रही है। कुछ नेताओं के घर में जबरन घुसकर पुलिस परेशान कर रही है। जनसुराज के प्रदेश अध्यक्ष ने यह दावा किया कि इसका सबूत भी चुनाव आयोग को सौंपा गया है। उन्होंने चुनाव आयोग से मामले पर संज्ञान लेने की अपील की। पुलिस के साथ-साथ बीजेपी की भी शिकायत जनसुराज ने चुनाव आयोग से की। जनसुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने बताया कि भाजपा ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए के 202 विधायकों, 45 विधान पार्षद, 33 मंत्री और 30 सांसदों के अलावे कई पूर्व मंत्री और पूर्व विधायकों को चुनावी मैदान में उतार दिया है। मनोज भारती ने आरोप लगाया कि एनडीए के नेता बांकीपुर की जनता को डराने की कोशिश कर रहे हैं। जो बिजनेस मैन हैं, उनको इनकम टैक्स और जीएसटी की रेड डलवाने का डर दिखाया जा रहा है। जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने चुनाव आयोग से इस पर कार्रवाई करने की मांग की। वही एक दिन पहले बीजेपी ने भी चुनाव आयोग से जनसुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर के बारे में शिकायत दर्ज करायी थी। बीजेपी ने यह आरोप लगाया था कि प्रशांत किशोर ने चुनाव प्रचार में निर्धारित खर्च सीमा से कई गुना अधिक राशि खर्च की है और चुनावी नियमों का उल्लंघन किया है। चुनाव आयोग से शिकायत के बाद बीजेपी ने पटना स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन और विधायक जीवेश मिश्रा ने कहा कि चुनाव आयोग ने एक प्रत्याशी के लिए चुनावी खर्च की अधिकतम सीमा 40 लाख रुपये तय की है, जबकि प्रशांत किशोर अब तक करोड़ों रुपये खर्च कर चुके हैं। भाजपा नेताओं ने यह आरोप लगाया कि चुनावी खर्च को सीधे अपने खाते से दिखाने के बजाय एक कथित डमी कंपनी के माध्यम से थर्ड पार्टी खर्च के रूप में दर्शाया जा रहा है। शाहनवाज हुसैन ने दावा किया कि संबंधित कंपनी की पेड-अप कैपिटल मात्र 5 लाख रुपये है और इसकी स्थापना अक्टूबर 2023 में हुई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव से ठीक पहले कंपनी के पास 4.5 करोड़ रुपये कैसे पहुंचे। भाजपा ने इस पूरे मामले को मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा बताते हुए जांच की मांग की। बीजेपी ने यह भी आरोप लगाया कि बांकीपुर उपचुनाव में सोशल मीडिया पर हजारों फर्जी अकाउंट के जरिए चुनाव को प्रभावित करने और गलत जानकारी फैलाने की कोशिश की जा रही है। पार्टी का दावा है कि इनमें से कई अकाउंट विदेशों से संचालित हो रहे हैं और इनके माध्यम से भाजपा नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। भाजपा ने चुनाव आयोग को लिखित शिकायत के साथ कथित सबूत भी सौंपे हैं। पार्टी ने जन सुराज पार्टी और उससे जुड़ी कंसल्टेंसी कंपनी के बैंक खातों के लेनदेन की जांच कराने की मांग की है। भाजपा का कहना है कि प्रशांत किशोर जनता के समर्थन के बजाय धनबल और कृत्रिम माध्यमों से समर्थन दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। बीजेपी की शिकायत के अगले दिन ही जनसुराज भी चुनाव आयोग पहुंच गयी। जनसुराज ने बीजेपी और पुलिस के ऊपर कई गंभीर आरोप लगाये और चुनाव आयोग से मामले पर संज्ञान लेने और कार्रवाई करने की अपील की। बता दें कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट खाली है। इस सीट पर उपचुनाव 30 जुलाई को होने वाली है। 3 अगस्त को इसका परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। चुनाव के मैदान में बीजेपी ने नीरज सिन्हा, जन सुराज ने प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा गुप्ता उतारा है। इस बार मुकाबला त्रिकोणीय नजर आ रहा है। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए तमाम प्रत्याशी खूब मेहनत कर रहे हैं। क्षेत्र में घूम-घूमकर वोट मांग रहे हैं और लोगों से बातचीत कर यह समझाने की कोशिश कर रहे हैं कि यदि उन्हें वो वोट देकर विधायक बनाएंगे तो वो क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करेंगे। अब सबकी नजर 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव पर टिकी हुई है, इस दिन बांकीपुर की जनता क्षेत्र के विधायक का चुनाव करेगी।

Leave a Reply

Recent Post