छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :
दोनों घायलों को स्थानीय ग्रामीणों द्वारा उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एकमा पहुंचाया गया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा, (संवाददाता)। एकमा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत एकमा बाजार के भरहोपुर गांव के समीप गुरुवार की शाम को अज्ञात कारणों से हुई झड़प के बाद ग्रामीणों व युवाओं की भीड़ ने दो युवकों की पिटाई कर दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों घायलों को स्थानीय ग्रामीणों द्वारा उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एकमा पहुंचाया गया। घायलों की पहचान एकमा थाना क्षेत्र के भरहोपुर मठिया निवासी सुशील साह के पुत्र सचिन कुमार साह (19) तथा रसूलपुर थाना क्षेत्र के चनचौरा गांव निवासी अजय कुमार के पुत्र निशांत चौधरी (18) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, भरहोपुर गांव के समीप किसी बात को लेकर दोनों युवकों की अज्ञात ग्रामीणों से मामूली कहासुनी के बाद हिंसक झड़प हो गई। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी। हालांकि, घटना के पीछे का वास्तविक कारण समाचार लिखे जाने तक स्पष्ट नहीं हो सका है। सीएचसी एकमा में ड्यूटी पर तैनात वरीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गंगा सागर विंदु ने स्वास्थ्य कर्मियों की सहायता से दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि दोनों युवकों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन सीएचसी परिसर के बाहर एकत्र हो गए। अलग-अलग थाना क्षेत्रों के दो युवकों के एकमा थाना क्षेत्र में घायल होने की घटना को लेकर नगर पंचायत एकमा बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। मामले की सूचना एकमा थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुट गई है और पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।








