रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो पटना की रिपोर्ट :
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर चारों किशोर बया नदी में नहाने के लिए गए थे
घंटों बाद बरामद हुए शव, एक ने तैरकर बचाई जान
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमित लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। मुजफ्फरपुर के साहेबगंज में शनिवार दोपहर बया नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। वहीं, उनके साथ नदी में नहाने गया चौथा किशोर किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया और उसकी जान बच गई। हादसा बैद्यनाथपुर शिवालय मंदिर के सामने बया नदी में हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। मृतकों की पहचान साहेबगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-8 निवासी अमृत कुमार (14), साहिल उर्फ झुन्नू (12) और मोहम्मद रेहान (13) के रूप में हुई है. वहीं, उनके साथ नदी में नहाने गया 13 वर्षीय गुड्डू किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर चारों किशोर बया नदी में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान सभी गहरे पानी में चले गए। पानी की गहराई अधिक होने के कारण तीन किशोर डूबने लगे, जबकि गुड्डू किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकल आया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए. स्थानीय लोगों ने नदी में उतरकर तीनों किशोरों की तलाश शुरू की। करीब दो से तीन घंटे तक लगातार खोजबीन के बाद तीनों के शव नदी से बाहर निकाले गए। इसके बाद तीनों को साहेबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही साहेबगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनडीआरएफ को सूचना देने के बावजूद टीम काफी देर तक घटनास्थल पर नहीं पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद ही नदी में उतरकर किशोरों की तलाश कर बाहर निकाला।








