संकलन : उप-संपादक, छपरा डेस्क
अयोध्या व विंध्याचल का करेंगे अध्ययन
महाविद्यालय के सचिव इंजीनियर जयप्रकाश सिंह ने प्रशिक्षु दल को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमित लेख
एकमा, (सारण)। रामाधार सिंह टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, एकमा द्वारा प्रशिक्षुओं के सर्वांगीण विकास एवं व्यावहारिक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार की देर शाम से से तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण की शुरुआत हुई। यह भ्रमण 25 से 27 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष अध्ययन भ्रमण के लिए अयोध्या एवं विंध्याचल का चयन किया गया है। महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य प्रशिक्षुओं के शैक्षिक ज्ञान में वृद्धि करना, भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता की समझ विकसित करना, ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहरों से परिचित कराना तथा सामूहिक जीवन, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। भ्रमण के दौरान प्रशिक्षु विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक स्थलों का अवलोकन करेंगे, जिससे उन्हें पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होगा। महाविद्यालय के सचिव इंजीनियर जयप्रकाश सिंह ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का एक प्रभावी माध्यम है। अयोध्या एवं विंध्याचल जैसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण प्रशिक्षुओं में ज्ञान, संस्कार, अनुशासन तथा भारतीय विरासत के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह यात्रा प्रशिक्षुओं के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, समय का पालन करने तथा महाविद्यालय के दिशा-निर्देशों का पूर्णतः अनुपालन करने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार यह शैक्षणिक भ्रमण प्रशिक्षुओं के लिए सीखने, समझने और प्रेरणा प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध होगा तथा उनके शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगा। प्रशिक्षु दल को हरी झंडी दिखाकर महाविद्यालय के सचिव इंजीनियर जयप्रकाश सिंह, ट्रस्टी राजीव शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता धर्मेंद्र कुमार सिंह उर्फ़ ठाकुर सिंह, अनूप कुमार, नागेंद्र कुमार सिंह आदि ने संयुक्त रूप से रवाना किया।








