रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो पटना
जमुई, शेखपुरा और पटना में ताबड़तोड़ छापेमारी, मचा हड़कंप
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। बिहार पुलिस मुख्यालय की आर्थिक अपराध इकाई द्वारा संगठित अपराध, बालू माफिया, रंगदारी और बेनामी संपत्ति के माध्यम से अकूत अवैध संपत्ति अर्जित करने के आरोपी शंभु यादव उर्फ गुड्डू यादव (पति- दुलारी देवी, अध्यक्ष, जिला परिषद जमुई) और उनके सहयोगियों पर शिकंजा कसा गया है। EOU ने आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या- 14/26 (दिनांक 27.07.2026) दर्ज करने के बाद न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त कर यह कार्रवाई की है। 28 जुलाई 2026 (मंगलवार) की सुबह से EOU, एसटीएफ (STF) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने जमुई, शेखपुरा और पटना जिलों में एक साथ 24 ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। लगभग 50 वाहनों के काफिले के साथ पहुंची विशेष टीमों ने जमुई जिला परिषद अध्यक्ष के आवास, सिकंदरा, शेखपुरा और पैतृक ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। जांच एजेंसी के रडार पर गुड्डू यादव के कई करीबी सहयोगी और रिश्तेदार भी शामिल हैं। सिकंदरा और आसपास के क्षेत्रों में ललन यादव, प्रवीण मिश्रा, मिंचु मियां, उप प्रमुख नैयर खान, सोनू यादव, प्रमोद यादव, अनीश यादव और छोटू यादव सहित अन्य संबंधित व्यक्तियों के रिहायशी व व्यावसायिक ठिकानों पर सघन तलाशी ली जा रही है। छापेमारी के दौरान EOU की टीमों द्वारा बेनामी संपत्तियों के , बैंक पासबुक, निवेश से जुड़े कागजात, नकद-गहनों का ब्योरा और डिजिटल डिवाइस जब्त कर उनकी पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसी का मुख्य फोकस संगठित अपराध से हासिल काली कमाई और बेनामी निवेश के पुख्ता सबूत जुटाना है। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिकंदरा और आसपास के प्रमुख चौक-चौराहों, पेट्रोल पंपों तथा संबंधित आवासों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जमुई के एसडीपीओ सतीश सुमन सहित कई वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। EOU की जांच पूरी होने के बाद बरामदगी की अंतिम और आधिकारिक रिपोर्ट जारी की जाएगी।








