AMIT LEKH

Post: अतरसन सीआरसी एकमा में कक्षा 4 से 8 तक के एफएलएन उन्मुखीकरण प्रशिक्षण का आयोजन

अतरसन सीआरसी एकमा में कक्षा 4 से 8 तक के एफएलएन उन्मुखीकरण प्रशिक्षण का आयोजन

संकलन : उप-संपादक छपरा

इस अवसर पर सामूहिक राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति भी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर शुचिता कुमारी ने एफएलएन अभियान की अवधारणा, उद्देश्य एवं प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़ 

–  अमिट लेख, संवाददाता

एकमा, (सारण)। बिहार शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार कक्षा 4 से 8 तक के विद्यार्थियों की भाषा एवं गणित विषय में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को एकमा प्रखंड के अतरसन पंचायत स्थित सीआरसी अतरसन अंतर्गत उच्च माध्यमिक विद्यालय, अतरसन परिसर में एक दिवसीय एफएलएन उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

फोटो : संवाददाता

प्रशिक्षण में सीआरसी अतरसन के अंतर्गत आने वाले सभी नवसृजित प्राथमिक, प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के नामित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मास्टर ट्रेनर शुचिता कुमारी, सीआरसी समन्वयक रविन्द्र कुमार सिंह, संचालक सह प्रधानाध्यापक रमेश प्रसाद तथा शिक्षक मृत्युंजय कुमार चौबे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर सामूहिक राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति भी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर शुचिता कुमारी ने एफएलएन अभियान की अवधारणा, उद्देश्य एवं प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने भाषा एवं गणित विषय में विद्यार्थियों की आधारभूत दक्षताओं के आकलन की प्रक्रिया, विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई शिक्षण सामग्री के प्रभावी उपयोग, गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति तथा अधिगम परिणामों में सुधार की विभिन्न रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की वास्तविक सीखने की स्थिति का मूल्यांकन कर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण योजना तैयार करना है।

छाया : अमिट लेख

शिक्षक मृत्युंजय कुमार चौबे ने प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक शिक्षक की सक्रिय भागीदारी से ही बच्चों में पढ़ने, लिखने एवं गणना करने की बुनियादी क्षमता को मजबूत बनाया जा सकता है। वहीं सीआरसी संचालक रमेश प्रसाद ने प्रतिभागी शिक्षकों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान एवं तकनीकों को विद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण के समापन पर सभी प्रतिभागी शिक्षकों ने इसे अत्यंत उपयोगी बताते हुए एफएलएन अभियान को सफल बनाने तथा विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में अपेक्षित सुधार लाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नरेंद्र कुमार सिंह, चंद्रमणि सिंह, अमितेश कुमार सिंह, कुमारी तनुजा, माया कुमारी, तनु कुमारी, खुशबू कुमारी, दीपक साह, कुमारी लवी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल रहे।

Leave a Reply

Recent Post