रिपोर्ट : पश्चिम चंपारण से क्राइम ब्यूरो
घटना को लेकर परिजनों ने रामनगर थाना एवं भैरोगंज थाना में लिखित आवेदन देकर किशोर की गुमशुदगी दर्ज कराते हुए शीघ्र बरामदगी की मांग की है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पश्चिम चंपारण, (रमेश ठाकुर)। बगहा पुलिस जिला अंतर्गत भैरोगंज थाना क्षेत्र से एक 14 वर्षीय किशोर के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे इलाके में चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है।

पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार जांच और तलाश अभियान चला रही है। जानकारी के अनुसार, रामनगर प्रखंड एवं बगहा प्रखंड की सीमा पर स्थित जुड़ा पकड़ी गांव निवासी मुन्ना सहनी का 14 वर्षीय पुत्र दीपु कुमार सहनी बीते 23 जुलाई 2026 की शाम करीब 5 बजे किसी कार्य से भैरोगंज बाजार गया था। बाजार जाने के बाद वह वापस घर नहीं लौटा। देर रात तक उसके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने अपने स्तर से आसपास के गांवों, बाजारों तथा रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। परिजनों के अनुसार, लापता किशोर की लंबाई लगभग 4 फीट 11 इंच है तथा उसका रंग साँवला है। घटना के समय उसने पीले रंग का ऊपरी वस्त्र तथा सफेद रंग की पैंट पहन रखी थी।
कई दिनों तक कोई जानकारी नहीं मिलने से परिवार के लोग किसी अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं। घटना को लेकर परिजनों ने रामनगर थाना एवं भैरोगंज थाना में लिखित आवेदन देकर किशोर की गुमशुदगी दर्ज कराते हुए शीघ्र बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के थाना क्षेत्रों को सूचना भेजी गई है तथा संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता किशोर को सकुशल बरामद करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही किशोर का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।








