संकलन : उप-संपादक बेतिया
महागठबंधन के नेताओं ने इस पूरे प्रकरण में दोषी भाजपा विधायक की बर्खास्तगी तथा लोकतंत्र के मंदिर को कलंकित करने वाले विधायकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चम्पारण के बलिराम भवन स्थित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला कार्यालय में महागठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक चांदसी प्रसाद यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में राज्य और जिले से जुड़े कई अहम राजनीतिक एवं जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की गई। नेताओं ने बिहार विधानसभा में आईआईपी पार्टी के सुप्रीमो इंजीनियर आई.पी. गुप्ता के साथ भाजपा विधायकों द्वारा किए गए कथित दुर्व्यवहार और सदन से बाहर देख लेने की दी गई धमकी की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और विधानसभा की गरिमा पर हमला बताया।

महागठबंधन के नेताओं ने इस पूरे प्रकरण में दोषी भाजपा विधायक की बर्खास्तगी तथा लोकतंत्र के मंदिर को कलंकित करने वाले विधायकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। बैठक में किसानों के सामने खाद की कालाबाजारी, खेती के महत्वपूर्ण समय में बिजली की लगातार कटौती तथा ग्रामीण क्षेत्रों के घरों पर लगाए गए टैक्स जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया। नेताओं ने आरोप लगाया कि इन समस्याओं से आम जनता और किसान बुरी तरह परेशान हैं, लेकिन सरकार समाधान निकालने में विफल साबित हो रही है। इन जनसमस्याओं के विरोध में महागठबंधन ने आगामी 5 अगस्त को जिला पदाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया और आम लोगों से इसमें बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। बैठक में राष्ट्रीय जनता दल के जिला प्रवक्ता प्रभु यादव, माले के फरहान राजा, आईआईपी के जिला अध्यक्ष शिव बालक महतो, मनोज कुमार दास, जय लाल दास, रकटू दास, कांग्रेस के नगर अध्यक्ष मोहम्मद एजाज़, भाकपा के जिला सचिव ओम प्रकाश क्रांति, जिला कोषाध्यक्ष बब्लू दूबे, अंजारूल तथा माकपा के चांदसी प्रसाद यादव सहित महागठबंधन के कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा और किसानों, मजदूरों तथा आम नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक मजबूती से लड़ी जाएगी।








