संकलन : उप-संपादक बेतिया
आंतरिक सुरक्षा, तस्करी पर अंकुश और खुफिया सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान को लेकर बनी सहमति; बैठक के बाद सीमा क्षेत्र में संयुक्त गश्त
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
वाल्मीकिनगर, (मोहन सिंह)। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पश्चिम चंपारण जिले के वाल्मीकिनगर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) कैंप परिसर में गुरुवार को भारत और नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद दोनों देशों के सुरक्षा बलों ने गंडक बराज और सीमा क्षेत्र में संयुक्त गश्त कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।

बैठक में नेपाल सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ), नेपाल पुलिस, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) तथा बिहार पुलिस के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान सीमा क्षेत्र में देश विरोधी गतिविधियों की रोकथाम, आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने, मादक पदार्थों एवं अन्य सामानों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने, अवैध हथियारों की आवाजाही रोकने तथा सीमा पार होने वाले अपराधों की रोकथाम को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और खुफिया सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर भी सहमति बनी। बैठक के उपरांत भारत और नेपाल के सुरक्षा बलों ने गंडक बराज एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त गश्त की। इस दौरान संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया गया, संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई तथा सीमा पर सतर्कता बढ़ाने का संदेश दिया गया। एसएसबी के इंस्पेक्टर लोकेश बनिया ने कहा, “स्थानीय सीमा पर तैनात सभी प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियां लगातार समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं।”








