AMIT LEKH

Post: जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न

रिपोर्ट : उप-संपादक बेतिया 

विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आज समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय सांसद-सह-अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने की।

फोटो : मोहन सिंह

बैठक की शुरुआत वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने पिछली बैठक के अनुपालन प्रतिवेदन एवं वर्तमान प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में जन-जन स्वास्थ्य मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, कृषि एवं किसान कल्याण, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, अल्पसंख्यक कल्याण, खेलो इंडिया सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

छाया : अमिट लेख

बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से हर पात्र व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत ऑप्टिकल फाइबर बिछाने का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही सिठी विद्यालय के समीप खेल मैदान का निर्माण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-4) के अंतर्गत अधिक से अधिक योजनाएं शामिल करने तथा रिक्त पदों के विरुद्ध शत-प्रतिशत डॉक्टरों की प्रतिनियुक्ति के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया। अध्यक्ष ने पदाधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध हो, प्रत्येक प्रखंड में नियमित रूप से आत्मा की बैठकें आयोजित हों, उदयपुर एवं लौरिया नंदनगढ़ के समीप सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया जाए तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध वसूली पर प्रभावी रोक लगाई जाए। बैठक के दौरान नल-जल योजनाओं के अनियमित संचालन की शिकायतों पर माननीय अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने सभी विधायकों से दो-दो पंचायतों के नाम उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन पंचायतों में पीएचईडी द्वारा संचालित नल-जल योजनाओं की गहन जांच कराई जाएगी और गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में सांसद, माननीय विधायक, विधान पार्षदों एवं अन्य जनप्रतिनिधिगणों ने विभिन्न मुद्दों की तरफ माननीय अध्यक्ष का ध्यान आकृष्ट कराया। माननीय अध्यक्ष ने समुचित कार्रवाई करने हेतु जिला प्रशासन को निर्देशित किया। जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह ने माननीय अध्यक्ष को आश्वस्त किया गया कि उनके द्वारा दिये गए निर्देशों का ससमय अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बैठक में सांसद सुनील कुमार, विधायिका श्रीमती रेणु देवी, विधायक नन्दकिशोर राम, विधायक राम सिंह, विधायक संजय पाण्डेय, विधायक विनय बिहारी, विधायक नारायण प्रसाद, विधायक अभिषेक रंजन, विधान पार्षद बीरेन्द्र नारायण यादव एवं विधान पार्षद सौरभ कुमार सहित अन्य माननीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता भी बैठक में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Recent Post