AMIT LEKH

Post: उमधा विद्यालय में विद्यार्थी प्रेरणा एवं सद्भावना शिविर आयोजित

उमधा विद्यालय में विद्यार्थी प्रेरणा एवं सद्भावना शिविर आयोजित

संकलन : उप-संपादक छपरा 

विद्यार्थी प्रेरणा एवं सद्भावना शिविर में, मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

छपरा, (संवाददाता)। सदर प्रखंड के उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, उमधा (फकुली), सारण में शनिवार को राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त समाजसेवी डॉ. अरविंद आनंद के नेतृत्व में विद्यार्थी प्रेरणा सह सद्भावना विमर्श शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, पारिवारिक संस्कारों और शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना था। इस अवसर पर स्वयंसेवक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज कुमार सिंह को विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच “जिंदगी में माता-पिता का महत्व” विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें करीब 20 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में सुप्रिया कुमारी ने प्रथम, रिद्धिमा कुमारी ने द्वितीय तथा राधा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों प्रतिभागियों को शिखर वक्ता सम्मान से सम्मानित किया गया। इसके अलावा विद्यालय की मैट्रिक परीक्षा की टॉपर छात्रा को प्रतिभा श्री सम्मान प्रदान कर उसकी उपलब्धि की सराहना की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ नैतिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज में संस्कारों का स्तर लगातार गिर रहा है, जिसे रोकने के लिए परिवार और विद्यालय दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि यदि उन्हें शिक्षा से संबंधित किसी भी संसाधन या सहयोग की आवश्यकता होगी तो वे बेहिचक संपर्क करें, यथासंभव हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, समाजसेवी डॉ. अरविंद आनंद ने अपने प्रेरक संबोधन में माता-पिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस प्रकार शरीर और प्राण का अटूट संबंध होता है, उसी प्रकार माता-पिता का हमारे जीवन में सर्वोच्च स्थान होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से माता-पिता का सम्मान करने, ईमानदारी और लगन के साथ अध्ययन करने तथा एक जिम्मेदार और आदर्श नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को माता-पिता के सम्मान, अनुशासित जीवन और अच्छे इंसान बनने की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार सिंह, शिक्षक बादल सिंह, मुकेश कुमार, प्रतिभा कुमारी सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साह, प्रेरणा और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर रहा।

Leave a Reply

Recent Post