AMIT LEKH

Post: दो मासूम बच्चों को जबरन बैठाने के प्रयास में, पुलिस ने किया ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार

दो मासूम बच्चों को जबरन बैठाने के प्रयास में, पुलिस ने किया ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार

रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो पटना 

पटना पुलिस की मुस्तैदी से टली बड़ी अनहोनी: दीघा में ई-रिक्शा चालक ने दो मासूम बच्चों को जबरन बैठाने का किया प्रयास

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। पुलिस की मुस्तैदी से शनिवार को यातायात पुलिस की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के अनुसार, एक ई-रिक्शा (ऑटो) चालक ने दो मासूम बच्चों को जबरन अपने ऑटो में बैठाने की कोशिश की। बच्चों ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी चालक मौके से तेजी से भागने लगा। चालक के चंगुल से छूटकर रोते हुए बच्चे पास में तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के पास पहुंचे और भाग रहे ऑटो चालक की तरफ इशारा कर पहचान कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्रैफिक जवानों ने तत्परता दिखाई और भाग रहे ऑटो चालक को खदेड़ कर दबोच लिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को सुरक्षित यातायात बूथ पर बैठाया। बच्चों को सुरक्षित अपनी कस्टडी में लेने के बाद पुलिस ने उनकी पहचान और सुरक्षा सुनिश्चित की। बच्चों के पास मौजूद स्कूल आई-कार्ड (iCard) की मदद से यातायात पुलिस ने तुरंत उनके परिजनों से संपर्क किया और घटना की जानकारी देकर उन्हें मौके पर बुलाया। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय दीघा थाना और डायल-112 की टीम को दी गई। मौके पर पहुंची डायल-112 की टीम और दीघा थाना पुलिस को आरोपी चालक तथा बच्चों को सौंप दिया गया, ताकि आगे की उचित कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके। यातायात पुलिसकर्मियों की इस त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ की स्थानीय लोगों और परिजनों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है। अगर ट्रैफिक पुलिस ने सही समय पर एक्शन न लिया होता, तो कोई गंभीर अनहोनी हो सकती थी। पुलिस अब आरोपी चालक से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच में जुटी है।

Comments are closed.

Recent Post