AMIT LEKH

Post: प्रशांत किशोर ने पटना SSP के खिलाफ चुनाव आयोग में की शिकायत

प्रशांत किशोर ने पटना SSP के खिलाफ चुनाव आयोग में की शिकायत

रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो पटना

बांकीपुर उपचुनाव परिणाम के पहले मचा घमासान

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। जनसुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने शनिवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान पटना पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय के. शर्मा के खिलाफ बिहार निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई। मतगणना से पहले प्रशांत किशोर अपने दल के प्रतिनिधिमंडल के साथ बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच की मांग की। मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि 30 जुलाई को संपन्न बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान पटना पुलिस की भूमिका संदेहास्पद रही। उन्होंने कहा कि जनसुराज के कई कार्यकर्ताओं को बिना किसी वैध कारण के हिरासत में लिया गया, उन्हें डराया-धमकाया गया और उनके साथ पुलिस ने गुंडागर्दी की। प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि यह पूरी कार्रवाई पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा के निर्देश पर हुई। उन्होंने कहा कि “लोकतंत्र में निष्पक्ष चुनाव सबसे महत्वपूर्ण होता है, लेकिन बांकीपुर उपचुनाव में पुलिस का रवैया लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ रहा। यह लोकतंत्र की हत्या है।” उन्होंने बताया कि पूरे मामले की शिकायत निर्वाचन आयोग से की गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच कराने का भरोसा दिया है। गौरतलब है कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान कराया गया था। निर्वाचन आयोग के अनुसार, उपचुनाव में करीब 34 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बड़ी संख्या में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और बिहार पुलिस के जवानों की तैनाती की गई थी। भाजपा यहाँ पिछले 30 साल से जीतते आ रही है। इस बार भाजपा ने नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बनाया था जबकि राजद से रेखा गुप्ता प्रत्याशी रहीं। वहीं जनसुराज से प्रशांत किशोर उम्मीदवार रहे जिससे यहाँ मुकाबला त्रिकोणीय हो गया। अब इस उपचुनाव की मतगणना 3 अगस्त को होगी, जिसके बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि राजधानी पटना की इस महत्वपूर्ण विधानसभा सीट पर किस दल का कब्जा होता है। भाजपा अपनी सीट बचाने की कोशिश में है, जबकि राजद और जनसुराज ने भी इस सीट पर पूरी ताकत झोंक रखी है। मतगणना से पहले प्रशांत किशोर की शिकायत ने बांकीपुर उपचुनाव की सियासत को नया मोड़ दे दिया है।

Leave a Reply

Recent Post