रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो, पटना
इस हृदयविदारक हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे अबगिल गांव में शोक की लहर व्याप्त है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। नवादा जिला के नरहट थाना क्षेत्र के अबगिल गांव में करंट लगने से 40 वर्षीय संजय राउत की दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब संजय सुबह खेत में काम करने जा रहे थे और रास्ते में अचानक टूटे जर्जर बिजली तार की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। संजय राउत अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्रों और अन्य परिजनों को छोड़ गए हैं। इस हृदयविदारक हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे अबगिल गांव में शोक की लहर व्याप्त है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर जमकर आक्रोश जताया। लोगों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से जर्जर तारों की समय पर मरम्मत नहीं कराई जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के बीच जिले में हर सप्ताह ऐसी दुखद घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन विभाग बेपरवाह बना हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही नरहट थाना प्रभारी गौतम कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की नियमानुसार जांच की जा रही है। यह दुखद हादसा ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है। स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे इलाके में लटके हुए और जर्जर तारों को अविलंब बदला जाए। साथ ही दोषियों की जवाबदेही तय करते हुए पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।








