रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो, पटना
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के श्यामनगर निवासी अजीत सिंह, संजीव सिंह, विट्टू कुमार और आदित्य कुमार के रूप में हुई है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। जिला मुख्यालय बिहारशरीफ के दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित देवीसराय मोहल्ले में खाद व्यवसायी राजीव रंजन के घर हुई करीब 1.25 करोड़ रुपये की भीषण डकैती का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झारखंड के जामताड़ा जिले से चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर लूटी गई संपत्ति का बड़ा हिस्सा, हथियार और कारतूस बरामद कर लिए गए हैं। घटना की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने बताया कि 3 अगस्त की देर रात लगभग 1 बजे 10 से 12 हथियारबंद बदमाशों ने व्यवसायी के घर में धावा बोल दिया था। बदमाशों ने परिजनों को पिस्तौल का भय दिखाकर मारपीट की और घर में रखी नकदी, सोने-चांदी के जेवर व अन्य कीमती सामान लूट लिए थे। पुलिस ने वैज्ञानिक, तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान मिले ठोस सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र स्थित जुम्मन मोड़ के पास छापेमारी कर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में चारों ने डकैती में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के श्यामनगर निवासी अजीत सिंह, संजीव सिंह, विट्टू कुमार और आदित्य कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से 16 लाख 43 हजार रुपये नकद, करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग 7 किलोग्राम चांदी के आभूषण, डायमंड एवं प्लेटिनम के जेवर बरामद किए हैं। इसके अलावा चांदी के दो हाथी, चांदी की ईंट, लड्डू गोपाल की प्रतिमा, दो देसी पिस्तौल, 16 कारतूस और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार इस वारदात में 10 से 12 अपराधी शामिल थे। गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ के आधार पर फरार अन्य साथियों की पहचान कर ली गई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए बिहार और झारखंड में छापेमारी जारी है। इस सफल पुलिस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ-1 अमरनाथ, दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार और जिला आसूचना इकाई प्रभारी आलोक कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।








