AMIT LEKH

Post: प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान, दो किलोमीटर तक सड़क किनारे बने पक्के निर्माण जेसीबी से ध्वस्त

प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान, दो किलोमीटर तक सड़क किनारे बने पक्के निर्माण जेसीबी से ध्वस्त

संकलन : छपरा से उप-संपादक 

सीओ ने कहा कि सड़कों एवं सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख, संवाददाता

छपरा/मशरक, (सारण)। मशरक नगर पंचायत क्षेत्र के बेन छपरा गांव में शुक्रवार को प्रशासन ने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। एनएच-227 ए राम जानकी पथ के चंदेश्वर मोड़ से एकमा-सहाजितपुर-मशरक मुख्य पथ तक करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क के दोनों किनारों पर किए गए पक्के अतिक्रमण को जेसीबी मशीन की मदद से हटाया गया।अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में प्रशासनिक सतर्कता देखने को मिली और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सीओ राहुल कुमार की मौजूदगी में की गई।

फोटो : संवाददाता

जेसीबी मशीनों की सहायता से सड़क की सरकारी भूमि पर बने पक्के निर्माणों को हटाना शुरू किया गया। कार्रवाई के दौरान कई स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।सीओ राहुल कुमार ने बताया कि सड़क के दोनों किनारों पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत ग्रामीणों द्वारा दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलने के बाद मामले की सुनवाई की गई और जांच में अतिक्रमण की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। उन्होंने बताया कि तय समय सीमा समाप्त होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद नियमानुसार प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान सड़क की चौड़ाई में बाधा बन रहे पक्के निर्माणों को हटाया गया, जिससे मार्ग को मूल स्वरूप में लाने की प्रक्रिया पूरी की जा सके। सीओ ने कहा कि सड़कों एवं सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से सरकारी भूमि पर अतिक्रमण नहीं करने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क के दोनों किनारों पर अतिक्रमण होने के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा था। अतिक्रमण हटने से सड़क चौड़ी होगी और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी भी की जाएगी।

Comments are closed.

Recent Post