रिपोर्ट : उप-संपादक, बेतिया
मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। बगहा पुलिस जिला के गंडक उस पार दियारा इलाके में भितहा प्रखंड के पूर्व प्रखंड प्रमुख छोटेलाल यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उनका शव गंडक नदी में मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। बताया जा रहा है कि अज्ञात लोगों ने छोटेलाल यादव की हत्या करने के बाद शव को गंडक नदी में फेंक दिया। घटना की सूचना मिलने पर भितहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद आसपास के दियारा क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हत्या के कारणों और वारदात में शामिल लोगों को लेकर पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। गौरतलब है कि भितहा थाना में नवागत थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने हाल ही में पदभार ग्रहण किया है। उनके पदभार ग्रहण करने के बाद हुई इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से घटना के संबंध में अभी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले का शीघ्र उद्भेदन करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। बताते चले कि मृतक छोटे लाल यादव बगहा जेल में बंद दस्यु सरगना वासुदेव यादव का पुत्र बताया जाता है। गंडक उस पार धनहा एवं ठकराहां के दियारा इलाके में कभी दस्यु सरगना वासुदेव यादव का साम्राज्य चलता था।








