रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो, पटना
कई पुलिसकर्मी घायल
उपद्रवियों ने पुलिस के दो वाहनों पर पथराव कर उनके शीशे और अन्य हिस्से चकनाचूर कर दिए
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
मोतिहारी, (दिवाकर पाण्डेय)। जिला से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां अतिक्रमण हटाने गई पुलिस और प्रशासनिक टीम पर उपद्रवियों ने जानलेवा हमला कर दिया है। घटना जिले के फेनहारा थाना क्षेत्र के खान पिपरा गांव की है। इस हिंसक हमले में पुलिस की दो गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं, वहीं कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, फेनहारा थाने की पुलिस और अंचल प्रशासन की टीम खान पिपरा गांव में सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए पहुंची थी। जैसे ही प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की, वहां मौजूद लोग उग्र हो गए। देखते ही देखते आक्रोशित लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और पुलिस टीम को निशाना बनाकर भारी रोड़ेबाजी (पत्थरबाजी) शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। उपद्रवियों ने पुलिस के दो वाहनों पर पथराव कर उनके शीशे और अन्य हिस्से चकनाचूर कर दिए। इस हमले में कई जवानों को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही आस-पास के थानों की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ खान पिपरा गांव पहुंच चुके हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले और सरकारी काम में बाधा डालकर हमला करने वाले उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा। वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।








