AMIT LEKH

Post: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत “सोलर मेला-सह-सोलर लोन मेला” का हुआ सफल आयोजन

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत “सोलर मेला-सह-सोलर लोन मेला” का हुआ सफल आयोजन

रिपोर्ट : उप-संपादक डेस्क, बेतिया

मेले में उपस्थित नागरिकों को सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने की प्रक्रिया, योजना के अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं, आवेदन की प्रक्रिया तथा सोलर लोन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिकाधिक विद्युत उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जोड़ने के उद्देश्य से आज दिनांक 21 अगस्त 2026 को नगर निगम परिसर, बेतिया में विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बेतिया के तत्वावधान में “सोलर मेला-सह-सोलर लोन मेला” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ तरनजोत सिंह, जिला पदाधिकारी, पश्चिम चंपारण द्वारा फीता काटकर किया गया।

फोटो : मोहन सिंह

इस अवसर पर काजले वैभव नितिन, उप विकास आयुक्त, पश्चिम चंपारण तथा सुश्री शिवानी दीक्षित, नगर आयुक्त, नगर निगम, बेतिया सहित अन्य गणमान्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सांसद, बेतिया लोकसभा क्षेत्र, डॉ. संजय जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्युत विभाग की ओर से कार्यक्रम में मदन कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बेतिया, सहायक विद्युत अभियंता, बेतिया, मझौलिया, चनपटिया, नरकटियागंज एवं सिकटा सहित संबंधित क्षेत्रों के सभी कनीय विद्युत अभियंता एवं विभागीय कर्मी उपस्थित रहे।

छाया : अमिट लेख

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के उद्देश्य, लाभ एवं विभिन्न प्रावधानों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। आम नागरिकों एवं विद्युत उपभोक्ताओं को अपने घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया तथा बताया गया कि इस योजना के माध्यम से उपभोक्ता बिजली बिल में कमी के साथ-साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। साथ ही इस मेले में “सौर ऊर्जा अग्रदूत” सम्मान-पत्र वितरण किया गया। मेले में उपस्थित नागरिकों को सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने की प्रक्रिया, योजना के अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं, आवेदन की प्रक्रिया तथा सोलर लोन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई। विभिन्न सोलर वेंडरों एवं संबंधित संस्थानों द्वारा भी उपभोक्ताओं का मार्गदर्शन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों ने योजना के प्रति विशेष उत्साह दिखाया तथा बड़ी संख्या में लोगों द्वारा अपने आवासीय परिसरों में सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराने हेतु आवेदन एवं पंजीकरण कराया गया। उपस्थित अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिकाधिक लाभ उठाएं और सौर ऊर्जा को अपनाकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता एवं पर्यावरण संरक्षण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जोड़ना तथा उन्हें स्वच्छ, सस्ती एवं टिकाऊ ऊर्जा के प्रति जागरूक करना था। विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बेतिया द्वारा भविष्य में भी योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं उपभोक्ताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करने हेतु निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे। इस मेले में 250 से अधिक आवेदन किया गया। आवेदन बढ़ाने हेतु लगातार जागरूक किया जा रहा है।

Leave a Reply

Recent Post