रिपोर्ट : उप-संपादक डेस्क, बेतिया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। बगहा अनुमंडल अंतर्गत मधुबनी प्रखंड के चिउरही पंचायत के रेवहिया गांव में गंडक नदी का कटाव लगातार भयावह होता जा रहा है। बुधवार को स्कूल के नदी में विलीन होने के बाद गुरुवार की सुबह पैक्स गोदाम भी नदी की धारा में समा गया।

लगातार हो रहे कटाव से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। कटाव की चपेट में आकर कई लोगों के घर पहले ही नदी में विलीन हो चुके हैं। घर और आशियाना उजड़ने के बाद कटाव पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे प्लास्टिक तानकर रहने को मजबूर हैं। छोटे-छोटे बच्चों के साथ रह रहे प्रभावित परिवार प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए गए गुड़ और चूड़ा से किसी तरह अपनी भूख मिटा रहे हैं। कटाव पीड़ितों का कहना है कि लगातार उनका घर और सामान नदी में समाता जा रहा है, लेकिन अब तक उन्हें सुरक्षित स्थान पर विस्थापित नहीं किया गया है।

ग्रामीण प्रशासन की ओर टकटकी लगाए हुए हैं कि उन्हें जल्द किसी सुरक्षित स्थान पर बसाया जाए। वहीं, राहत और पुनर्वास को लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति काफी आक्रोश भी देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कटाव पीड़ित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, रहने और भोजन की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि कटाव इसी तरह जारी रहा तो आने वाले समय में गांव के कई और घर इसकी चपेट में आ सकते हैं। इस संबंध में मधुबनी अंचलाधिकारी नंदलाल राम ने बताया कि कटाव पीड़ितों को दूसरे स्थान पर विस्थापित करने के लिए भूमि चिन्हित की जा रही है। भूमि चिह्नित होने के बाद प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।








