रिपोर्ट : उप-संपादक डेस्क, बेतिया
नगर निगम से जारी कार्यादेश से संबंधित विकास कार्य के संवेदकों को महापौर ने हिदायत के साथ दिया निर्देश
संवेदकों से बोलीं महापौर कि सम्पूर्ण नगर निगम क्षेत्र में ढांचागत बुनियादी सुविधाओं का विकास उनकी पहली प्राथमिकता
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। नगर निगम की ओर से शहर के चार वार्डों में कुल 91.58 लाख से स्वीकृत पीसीसी सड़क, आरसीसी नाला, सड़क का उच्चीकरण तथा बाउंड्री वॉल निर्माण से जुड़े विकास कार्यों के लिए कार्यादेश जारी किए गए हैं।

इससे संबंधित संवेदकों के साथ अलग अलग भेंट में महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कार्यादेश के अनुसार इन योजनाओं को पूरा करने में मानक गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के चार वार्डों से संबंधित स्वीकृत योजनाओं की कुल राशि करीब 91.59 लाख रुपये है। योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने की जिम्मेदारी संबंधित संवेदकों को दी गयी है। स्वीकृत योजनाओं के बाबत महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि वार्ड-2 के इस्लामिया नगर में गली नंबर-1 में किताबन जी के घर से रूस्तम जी के घर तक पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाला निर्माण के लिए करीब 16.35 लाख रुपये की एकरारनामा राशि निर्धारित है। वार्ड-12 में छठ स्थान के पास मुख्य सड़क के किनारे बाउंड्रीवाल एवं दो द्वार निर्माण के लिए करीब 16.68 लाख रुपये का कार्यादेश है। वार्ड-16 के कमलनाथ नगर में सुमन पांडेय के घर से प्रेमचंद्र मिश्रा के घर होते हुए देवानंद जी के घर तक आरसीसी नाला एवं सड़क उन्नयन कार्य पर करीब 13.73 लाख रुपये खर्च होंगे। इसी तरह वार्ड-27 में संत कबीर रोड पर अखिलेश्वर यादव के घर से मोतीलाल पटेल के घर की ओर जाने वाली सड़क एवं नाला निर्माण के लिए करीब 44.84 लाख रुपये की एकरारनामा राशि है। इन कार्यों को दो से तीन माह में पूरा करना है।कार्यादेश में गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए बीओक्यू के अनुरूप सामग्री, निर्धारित मजदूरी, कार्य शुरू व पूरा होने की फोटोग्राफी तथा स्थल निरीक्षण का प्रावधान किया गया है। गुणवत्ता जांच के बाद ही भुगतान होगा। महापौर ने बताया कि निर्धारित समय सीमा में विलंब होने पर भुगतान में कटौती की चेतावनी भी दी गयी है। महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि सम्पूर्ण नगर निगम क्षेत्र में ढांचागत बुनियादी सुविधाओं का विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। इसके साथ महापौर ने बताया कि जारी कार्यादेश से संबंधित कुछेक योजनाओं में किसी अन्य एजेंसी के द्वारा कुछ विकास कार्य करा दिए जाने की जानकारी मिल रही है। महापौर ने बताया कि ऐसी स्थिति सामने आने पर संबंधित संवेदक को निर्देशित किया गया है कि कुछ कार्य पूर्व में पूरा हो जाने की जानकारी देने के बाद ही बाकी बचे कार्य को संवेदक द्वारा पूरा करके योजना के अंश भाग पूरा करने के लिए ही भुगतान का दावा किया जाएगा।








