AMIT LEKH

Post: सिवान में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग दो युवकों को मारी गोली, इलाके में दहशत

सिवान में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग दो युवकों को मारी गोली, इलाके में दहशत

रिपोर्ट : पटना डेस्क, विशेष ब्यूरो

जब मनीष ने बिना वजह गाली देने का विरोध किया और कारण पूछा, तो आरोपियों ने आपा खो दिया और पिस्टल निकालकर सीधे गोलियां दागनी शुरू कर दीं

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

पटना, (विशेष ब्यूरो)। सिवान जिले के जीबी नगर तरवारा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बेखौफ होकर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों की पहचान हाकमा गांव निवासी मनीष कुमार पिता जयप्रकाश शर्मा और उनके साथी सुमित सिंह पिता संतोष सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मनीष कुमार अपने साथी सुमित सिंह के साथ कोल्ड स्टोरेज से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आरोपी भोला और अमित नाम के दो युवकों से उनका विवाद हो गया। जब मनीष ने बिना वजह गाली देने का विरोध किया और कारण पूछा, तो आरोपियों ने आपा खो दिया और पिस्टल निकालकर सीधे गोलियां दागनी शुरू कर दीं। अचानक हुई इस गोलीबारी में मनीष और सुमित दोनों को हाथों में गोली लगी, जिससे वे खून से लथपथ होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों नामजद आरोपी मौके से आसानी से फरार हो गए। स्थानीय निवासियों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही जीबी नगर तरवारा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपी भोला और अमित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने स्थानीय पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Recent Post