रिपोर्ट : पटना डेस्क, विशेष ब्यूरो
चोर ने एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त कर दिया और उसके कैश बॉक्स को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (विशेष ब्यूरो)। वैशाली जिला के लालगंज पुलिस अनुमंडल अंतर्गत करताहां थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर देर रात स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एक एटीएम को निशाना बनाने का मामला सामने आया है। चोर ने एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त कर दिया और उसके कैश बॉक्स को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। देर रात एटीएम के भीतर से आ रही खटपट की आवाज सुनकर पास के एक व्यक्ति की नींद खुल गई। उसने बिना देरी किए डायल 112 पुलिस टीम को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गश्ती पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से एटीएम में तोड़फोड़ कर रहे संदिग्ध को रंगे हाथों धर दबोचा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पकड़ा गया व्यक्ति करताहां थाना क्षेत्र के ही खजूरिया गांव का रहने वाला है और उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात कही जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एटीएम से किसी भी प्रकार का कैश चोरी नहीं हो सका है। हालांकि, मशीन और कैश बॉक्स को पहुंचे कुल नुकसान का सटीक आकलन जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा। उसी रात करताहां हाई स्कूल के पास एक रिहायशी मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया, जहां से वे मोबाइल और कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में करताहां, चंदवारा और कंचनपुर इलाकों में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोगों में सुरक्षा को लेकर काफी चिंता और आक्रोश व्याप्त है। डायल 112 की मुस्तैदी से एटीएम मामले में आरोपी तो पकड़ा गया, लेकिन पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तोड़फोड़ की असली वजह क्या थी। वहीं, बढ़ते अपराध और सिलसिलेवार चोरियों से परेशान होकर स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है।








