AMIT LEKH

Post: पटना में ट्रैफिक सिपाही के साथ मारपीट

पटना में ट्रैफिक सिपाही के साथ मारपीट

रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो, पटना डेस्क

ई-रिक्शा को आगे बढ़ाने को कहने पर हुए विवाद के बाद चालकों ने घटना को दिया अंजाम

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख
पटना, (विशेष ब्पयूरो)। राजधानी पटना के राजेंद्र नगर टर्मिनल स्थित ट्रैफिक चेक पोस्ट पर तैनात ट्रैफिक सिपाही के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। घटना के शिकार सिपाही का नाम शोभा पासवान बताया जा रहा है। सुबह के समय यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के दौरान ड्यूटी पर तैनात सिपाही शोभा पासवान के साथ मारपीट की गई, जिससे उनका सिर फट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, राजेंद्र नगर टर्मिनल के पास सड़क पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए सिपाही शोभा पासवान ने वहां अव्यवस्थित ढंग से खड़े ई-रिक्शा चालकों को वाहन आगे बढ़ाने की हिदायत दी थी। इसी बात को लेकर ई-रिक्शा चालकों का समूह सिपाही से उलझ गया और कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक रूप में बदल गया। आरोप है कि ई-रिक्शा चालकों के गुट और राजेंद्र नगर पुल के नीचे रहने वाले नट समाज के लोगों ने मिलकर सिपाही पर हमला बोल दिया। सुबह-सुबह हुई इस अचानक मारपीट में उपद्रवियों ने सिपाही के सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे वे मौके पर ही लहूलुहान हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और अतिरिक्त पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल सिपाही शोभा पासवान को इलाज के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ऑन-ड्यूटी सरकारी कर्मचारी पर हुए इस हमले को पुलिस प्रशासन ने काफी गंभीरता से लिया है। पुलिस द्वारा इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमले में शामिल ई-रिक्शा चालकों और अन्य असामाजिक तत्वों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments are closed.

Recent Post