रिपोर्ट : उप-संपादक, बेतिया डेस्क
नगर निगम से संत घाट सरकारी स्कूल के पास 9 लाख से अधिक की लागत से बन रहे सार्वजनिक शौचालय, निर्माण कार्य का महापौर ने किया निरीक्षण
नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं के निर्माण में मानक गुणवत्ता सुनिश्चित करने की सामूहिक जिम्मेदारी लेने का महापौर ने किया आह्वान
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 स्थित ऐतिहासिक संत घाट के सरकारी स्कूल के समीप जनसुविधा को बढ़ाने की दिशा में सार्वजनिक शौचालय एवं मूत्रालय का निर्माण कराया जा रहा है।

नगर निगम द्वारा पारित प्रस्ताव के तहत करीब 9,00,566 रुपये की लागत से हो रहे निर्माण कार्य का महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने स्थल निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि नगर निगम के पश्चिमी क्षेत्र में स्वीकृत सार्वजनिक शौचालय एवं मूत्रालय निर्माण की यह योजना सीधे तौर पर जनस्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल है। योजना का निर्माण स्वच्छ भारत मिशन की निर्धारित मानक अर्हताओं को ध्यान में रखकर कराया जा रहा है। इससे संत घाट और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों, विशेषकर विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को स्वच्छ और सुविधाजनक सार्वजनिक सुविधा उपलब्ध होगी। महापौर ने लाभुक नागरिकों, खासकर युवा पीढ़ी से अपील की कि सार्वजनिक महत्व की योजना व सुविधाओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में हमारे समाज के युवा अपनी जिम्मेदारी निभाएं। साथ ही उन्होंने नगर निगम की विभिन्न योजनाओं के निर्माण में मानक गुणवत्ता सुनिश्चित करने की सामूहिक जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहभागिता से ही विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ लंबे समय तक आम लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।








