AMIT LEKH

Post: पंचायत विकास दिवस पर जिले की सभी 303 पंचायतों में हुआ कार्यक्रम का आयोजन

पंचायत विकास दिवस पर जिले की सभी 303 पंचायतों में हुआ कार्यक्रम का आयोजन

रिपोर्ट : उप-संपादक, बेतिया डेस्क

अगस्त माह का थीम :- सामाजिक न्याय एवं सामाजिक रूप से सुरक्षित ग्राम पंचायत (थीम-7)

माननीय प्रधानमंत्री के मन की बात का प्रसारण किया गया

पेंशनधारियों के लिए जीवन प्रमाणीकरण हेतु कैम्प का हुआ आयोजन

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। पंचायतों के निर्वाचित सदस्यों, ग्राम सभा के सदस्यों, महिलाओं, युवाओं एवं अन्य हितधारकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा उनके बीच विकास संबंधी मुद्दों पर सार्थक संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से आज पश्चिम चम्पारण जिले की सभी 303 ग्राम पंचायतों में पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पंचायत कार्यालय यथा पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन, एवं सामुदायिक भवनों में पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे अपराह्न तक आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायतों में संचालित विकास योजनाओं से सभी ग्रामीणों को अवगत कराया गया तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही ई-ग्राम स्वराज, ई-पंचायत एवं अन्य ऑनलाइन पोर्टलों पर दर्ज योजनाओं, पंचायत की आय-व्यय, आगामी विकास कार्यों तथा पंचायत की आय के स्रोतों में वृद्धि के उपायों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री के मन की बात का 137 वाँ संस्करण का प्रसारण किया गया। जिसमें ग्राम सभा के द्वारा श्रवण किया गया। पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम के अगस्त माह का थीम सामाजिक न्याय एवं सामाजिक रूप से सुरक्षित ग्राम पंचायत है। इसका विजन ऐसे ग्राम पंचायत का निर्माण करना है, जहाँ प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार, सम्मान, सुरक्षा एवं न्याय प्राप्त हो। सभी पात्र व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिले, कमजोर एवं वंचित वर्गों का संरक्षण हो तथा समावेशी, सुरक्षित एवं न्यायपूर्ण समाज का विकास सुनिश्चित हो। इस अवसर पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, जीविका दीदियों एवं अन्य हितधारकों से विकास संबंधी सुझाव एवं आकांक्षाएं प्राप्त की गईं। इन सुझावों की सूची तैयार कर निश्चय पोर्टल पर अपलोड की जा रही है, ताकि संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके। माननीय सांसद डॉ० संजय जयसवाल के द्वारा प्रखंड नौतन, पंचायत शिवराजपुर के पंचायत सरकार भवन में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया गया। जिला पंचायती राज पदाधिकारी सौरव आलोक, प्रखंड विकास पदाधिकारी योगापट्टी के द्वारा प्रखंड योगापट्टी, ग्राम पंचायत बासोपट्टी के पंचायत सरकार भवन में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया गया। उन्होंने बताया कि पंचायत विकास दिवस का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों में जनभागीदारी को बढ़ावा देना तथा पंचायतों को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम ग्रामीणों को विकास प्रक्रिया से सीधे जोड़ने का प्रभावी मंच उपलब्ध कराता है। इससे पंचायत स्तर पर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के साथ-साथ ग्रामीणों की अपेक्षाओं और आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर शामिल करने में सहायता मिलती है। पंचायत विकास दिवस के अवसर पर पेंशनधारियों के लिए जीवन प्रमाणीकरण हेतु कैम्प का आयोजन भी किया गया।

Leave a Reply

Recent Post