रिपोर्ट : उप-संपादक, छपरा डेस्क
शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रधानाध्यापक ने किया सम्मानित
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा, (सारण)। शिक्षक दिवस के अवसर पर आरएन हाईस्कूल योगिया में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को वर्ष 2026 के ‘बेस्ट टीचर्स’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। विद्यालय के शिक्षक विजय कुमार गुप्ता, हर्ष वर्द्धन यादव, राहुल कुमार गुप्ता, दीपक कुमार, प्रशांत कुमार एवं शिक्षिका पूर्णिमा सिंह को प्रधानाध्यापक लालबाबू यादव ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक लालबाबू यादव ने कहा कि विद्यालय के सभी शिक्षक पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। हालांकि, इस वर्ष बेस्ट टीचर्स पुरस्कार से सम्मानित शिक्षकों का विद्यालय की शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक गतिविधियों में विशेष योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि पुरस्कृत शिक्षक अपनी निर्धारित कक्षाओं के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लेने में भी पीछे नहीं रहे। साथ ही विद्यालय प्रशासन, अनुशासन और कार्यसंस्कृति के अनुरूप उनके व्यवहार ने अन्य शिक्षाकर्मियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
‘छोटी में कक्षा पढ़ाना तौहीन नहीं, शिक्षक का कर्तव्य है’
प्रधानाध्यापक श्री यादव ने कहा कि कभी-कभी कुछ शिक्षक-शिक्षिकाएं निचली कक्षाओं, विशेषकर नौवीं-दसवीं के विद्यार्थियों को पढ़ाने में तौहीन महसूस करते हैं, जबकि यह सोच विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के बिल्कुल विपरीत है। शिक्षक का दायित्व प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर शिक्षा देना है, चाहे वह किसी भी कक्षा का छात्र हो। उन्होंने कहा कि विद्यालय में प्रत्येक वर्ष बेहतर कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को ‘बेस्ट टीचर्स’ पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है और यह परंपरा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
सम्मान नहीं, कर्तव्य भावना से करते हैं शिक्षण कार्य :
पुरस्कृत शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कहा कि वे पुरस्कार और सम्मान पाने के लिए शिक्षण कार्य नहीं करते, बल्कि शिक्षक के रूप में अपने कर्तव्य का ईमानदारी से पालन करते हैं। विद्यालय की ओर से मिला यह सम्मान उनके लिए आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा है। इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर की गई। छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उनके प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा एक-दूसरे को शिक्षक दिवस की बधाई दी। इस मौके पर वरिष्ठ शिक्षक रामेश्वर गोप, उमेश पांडेय, राजकुमारी, श्रेया, सिद्धि, धर्मेन्द्र तिवारी, अमर गुप्ता, आसिफ इकबाल, इरशाद, अविनाश, बृजकिशोर, मनोज सिंह, लूसी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे।


