AMIT LEKH

Post: भूमिहीनों के हक की आवाज बुलंद, अंचल कार्यालय पर गरजा प्रदर्शन

भूमिहीनों के हक की आवाज बुलंद, अंचल कार्यालय पर गरजा प्रदर्शन

रिपोर्ट : उप-संपादक, बेतिया डेस्क 

जिलाध्यक्ष अरमान साईं, उपाध्यक्ष मुकेश कुमार आंबेडकर, किशोरी दास और नागेश्वर यादव के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में भूमिहीनों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। राष्ट्रीय नागरिक मोर्चा के तत्वावधान में सोमवार को लौरिया प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से जुटे सैकड़ों भूमिहीन परिवारों ने अंचल कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन कर जमीन उपलब्ध कराने की मांग बुलंद की।

फोटो : मोहन सिंह

जिलाध्यक्ष अरमान साईं, उपाध्यक्ष मुकेश कुमार आंबेडकर, किशोरी दास और नागेश्वर यादव के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में भूमिहीनों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। जिलाध्यक्ष अरमान साईं ने कहा कि सभी पंचायतों के भूमिहीन परिवारों को सरकार तीन से पांच डिसमिल भूमि अविलंब उपलब्ध कराए। पुराने बिजली बकाये पर लगे ब्याज को माफ करने तथा बटाईदारों और रेहनदारों को खाद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पेपरलेस करने की मांग भी उठाई गई।

छाया : अमिट लेख

दनियाल परसौना के मुशहर परिवारों को सिकरहना नदी के कटाव और बाढ़ से सुरक्षित स्थान पर जमीन देने की मांग की गई। रामवतार चौधरी ने धमौरा पंचायत के वार्ड छह के मुशहर परिवारों, पराऊटोला और नगर पंचायत के दलित भूमिहीनों को भूमि उपलब्ध कराने की मांग रखी। धरनार्थियों का शिष्टमंडल राजस्व अधिकारी राहुल कुमार अग्रवाल से मिला और मांगों से संबंधित आवेदन सौंपा। अग्रवाल ने बताया कि खाली जमीन की जांच व नापी जारी है। भूमि उपलब्ध होने पर गांधी जयंती पर अधिकाधिक भूमिहीनों को बंदोबस्ती देने का प्रयास होगा। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को 56 परिवारों का लक्ष्य था, लेकिन 91 परिवारों को भूमि उपलब्ध कराई गई।

Leave a Reply

Recent Post