AMIT LEKH

Post: 160 दीदियों को मिला रोजगार, 11.86 लाख का शुद्ध लाभ

160 दीदियों को मिला रोजगार, 11.86 लाख का शुद्ध लाभ

रिपोर्ट : उप-संपादक, छपरा डेस्क

द्वारिकाधीश जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति की वार्षिक आमसभा में उपलब्धियों की समीक्षा, 8.57 करोड़ के सामुदायिक निवेश का लक्ष्य

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

छपरा, (सारण)। ग्राम पंचायत नैनी, सदर प्रखंड छपरा सदर के अंतर्गत द्वारिकाधीश जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, नैनी की वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक आमसभा सोमवार को आयोजित हुई।

फोटो : संवाददाता

आमसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों, आय-व्यय, रोजगार सृजन तथा आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान समिति ने जीविका दीदियों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए। समिति के माध्यम से दो जीविका दीदियों द्वारा रसोई का संचालन किया गया। इसके अलावा सदर अस्पताल एवं ऊर्जा विभाग के कार्यालयों में साफ-सफाई कार्य का संचालन किया गया। इससे करीब 160 जीविका दीदियों एवं उनके परिवार के सदस्यों को रोजगार उपलब्ध कराने में सहयोग मिला।

CIF से 11.86 लाख का शुद्ध लाभ :

समिति द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में सामुदायिक निवेश निधि (CIF) के माध्यम से 11 लाख 86 हजार 857 रुपए का शुद्ध लाभ अर्जित किया गया। वहीं DKR पुलिस केंद्र में प्रशिक्षु सिपाहियों को घरेलू एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के कार्य से 1 करोड़ 58 लाख 64 हजार रुपए का व्यवसाय हुआ, जिसमें समिति को 9 लाख 72 हजार 224 रुपए का लाभ प्राप्त हुआ।

8.57 करोड़ के सामुदायिक निवेश का लक्ष्य

आमसभा में गत वित्तीय वर्ष की उपलब्धियों की समीक्षा के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए महत्वाकांक्षी कार्ययोजना निर्धारित की गई। समिति ने सामुदायिक निवेश के तहत 8 करोड़ 57 लाख 27 हजार 950 रुपए के व्यय का लक्ष्य तय किया है।

छाया : अमिट लेख

इसके माध्यम से अधिक से अधिक जीविका दीदियों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने तथा रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। आमसभा में महिला सदस्यों की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करने, वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता, सामुदायिक सहभागिता एवं बेहतर प्रबंधन के साथ समिति की गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना एवं निर्धारित लक्ष्यों पर सहमति के बाद आमसभा का समापन हुआ।

Comments are closed.

Recent Post