रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 10 अक्टूबर 2026
सामाजिक कार्यकर्ता संदीप कुमार पांडेय की पहल पर विभागीय कार्रवाई शुरू, सीएस द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सचिव को भेजा गया अनुरोध पत्र
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख , संवाददाता
छपरा/एकमा, (सारण)। एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को रेफरल अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर के रूप में विकसित करने की उम्मीद जगी है। इस दिशा में पारसागढ़ निवासी सामाजिक कार्यकर्ता संदीप कुमार पांडेय की पहल पर विभागीय कार्रवाई शुरू हुई है।
सिविल सर्जन, सारण के कार्यालय ने इस मांग पर आवश्यक कार्रवाई के लिए स्वास्थ्य विभाग, बिहार, पटना के सचिव को अनुरोध भेजा है। प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर बताया गया है कि एकमा प्रखंड के परसागढ़ निवासी संदीप कुमार पांडेय ने बीते 4 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री को आवेदन देकर एकमा सीएचसी को रेफरल अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर के रूप में उन्नत करने की मांग की थी। इस पर 6 अक्टूबर को सिविल सर्जन कार्यालय की ओर से कार्रवाई करते हुए आवेदन को स्वास्थ्य विभाग के सचिव के पास आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजे जाने की जानकारी दी गई।
एनएच-531 पर दुर्घटनाओं के मद्देनजर ट्रॉमा सेंटर की जरूरत :
छपरा-सिवान राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 531 पर एकमा स्थित है। इस मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होने के कारण घायलों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना एक बड़ी चुनौती बनी रहती है। गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल छपरा अथवा पटना स्थित पीएमसीएच रेफर करना पड़ता है।
लंबी दूरी तय करने और समय पर समुचित उपचार नहीं मिलने की स्थिति में कई गंभीर मरीजों की रास्ते में ही मौत हो जाने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में एकमा सीएचसी को रेफरल अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर के रूप में विकसित किए जाने से सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर और त्वरित उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।
विशेषज्ञ चिकित्सकों और आपातकालीन सुविधाओं की मांग :
सामाजिक कार्यकर्ता संदीप पांडेय ने अपने आवेदन में एकमा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों का उल्लेख करते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, आधुनिक चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गंभीर मरीजों, सड़क दुर्घटनाओं में घायलों और प्रसव संबंधी जटिलताओं से जूझ रही महिलाओं को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल का उन्नयन आवश्यक है।उन्होंने उम्मीद जताई है कि राज्य सरकार जनहित से जुड़ी इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर एकमा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। फिलहाल, सिविल सर्जन कार्यालय की ओर से स्वास्थ्य विभाग के सचिव को अनुरोध भेजा जाना इस दिशा में एक प्रशासनिक पहल है। हालांकि, अस्पताल को रेफरल अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर के रूप में विकसित करने के संबंध में अंतिम निर्णय राज्य सरकार को लेना है। अब क्षेत्र के लोगों की निगाहें स्वास्थ्य विभाग के अगले कदम पर टिकी हैं। वहीं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को भी इस दिशा में जनहित में प्रयास करने की आवश्यकता है।








