रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 21 अक्टूबर 2026
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का होगा अक्षरशः अनुपालन
मतदान दलों का ससमय डिस्पैच एवं मतदान सामग्री का सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करें
03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न
मतदान दलों के डिस्पैच, मतदान सामग्री वितरण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। बिहार विधान परिषद् के द्विवार्षिक निर्वाचन, 2026 के अंतर्गत 03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए पश्चिम चम्पारण जिले में निर्धारित मतदान की तैयारियों को लेकर आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण, तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मतदान दलों के डिस्पैच, मतदान सामग्री एवं मतपेटिकाओं के वितरण, परिवहन, सुरक्षा व्यवस्था तथा मतदान के सुचारू संचालन से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की गई।

ज्ञातव्य हो कि पश्चिम चम्पारण जिले के कुल 18 मतदान केन्द्रों पर दिनांक 23 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को पूर्वाह्न 08.00 बजे से अपराह्न 04.00 बजे तक मतदान निर्धारित है। इसके लिए दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 09.00 बजे से समाहरणालय परिसर, बेतिया में मतदान दलों को नियुक्ति पत्र एवं पहचान पत्र उपलब्ध कराने तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने की व्यवस्था की गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मतदान पदाधिकारी निर्धारित समय से डिस्पैच सेन्टर पर उपस्थित होना सुनिश्चित करेंगे।
मतदान दलों को नियुक्ति पत्र वितरण के साथ आपसी समन्वय स्थापित करने तथा संबद्ध पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल के साथ दलवार मिलान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। मतदान दलों के लिए तृतीय एवं अंतिम प्रशिक्षण की व्यवस्था भी डिस्पैच स्थल पर की जाएगी। बैठक में मतदान सामग्री, मतपत्र एवं मतपेटिकाओं के वितरण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित कोषांगों को सभी आवश्यक सामग्रियों का पूर्व में मिलान कर निर्धारित समय पर वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। मतदान दलों को सामग्री उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक काउंटर एवं पंजी की व्यवस्था करने तथा मतदान केन्द्रवार सामग्री का व्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। मतदान दलों के आवागमन के लिए पर्याप्त वाहनों, ईंधन कूपन एवं लॉगबुक की व्यवस्था करने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षित वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सभी मतदान दलों को अपने आवंटित मतदान केन्द्र पर दिनांक 22 अक्टूबर को ही पहुंचकर जिला नियंत्रण कक्ष को इसकी सूचना उपलब्ध कराने को कहा गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान के दौरान सूचना संप्रेषण की व्यवस्था को सुदृढ़ रखने का निर्देश देते हुए कहा कि पीठासीन पदाधिकारी मतदान प्रारंभ होने की सूचना तथा प्रत्येक दो घंटे पर मतदान संबंधी प्रतिवेदन निर्धारित पदाधिकारियों एवं जिला नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराएंगे। मतदान से संबंधित महत्वपूर्ण घटनाओं की सूचना भी अविलंब साझा की जाएगी। सभी पीठासीन पदाधिकारियों के मोबाइल में निर्धारित ऐप इंस्टॉल कराने तथा उसके उपयोग से संबंधित प्रशिक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में मतदान केन्द्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, मतदान दलों के साथ पुलिस बल की समुचित व्यवस्था तथा मतदान समाप्ति के बाद पोल्ड मतपेटिकाओं एवं संबंधित दस्तावेजों को निर्धारित मार्ग से छपरा स्थित बज्रगृह-सह-संग्रहण केन्द्र तक सुरक्षित पहुंचाने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए। पश्चिम चम्पारण जिले की सीमा से मतदान दलों के गुजरने के समय का संधारण करने एवं इसकी सूचना जिला नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराने हेतु निर्धारित स्थलों पर दण्डाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करेंगे। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता, राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनिल कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन, अमरेन्द्र कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, सुजीत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी, लालबहादुर राय, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, सौरभ आलोक, अपर निर्वाचन पदाधिकारी, विवेक कुमार सिंह सहित विभिन्न कोषांगों के वरीय एवं नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।








