AMIT LEKH

Post: बेतिया में सजेगा खेल का महाकुंभ, नौ प्रमंडलों के लगभग 150 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

बेतिया में सजेगा खेल का महाकुंभ, नौ प्रमंडलों के लगभग 150 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 18 नवंबर 2026

19-20 नवंबर को बेतिया में जुटेंगे राज्यभर के सेपकटाकरा खिलाड़ी, खेल प्रतियोगिता की तैयारी पूरी

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, पश्चिम चंपारण के संयुक्त तत्वावधान में वार्षिक खेल कार्यक्रम के तहत 19 एवं 20 नवंबर 2026 को राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल सेपकटाकरा खेल प्रतियोगिता का आयोजन खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन, बेतिया में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न प्रमंडलों के अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में तिरहुत, पटना, कोसी, मुंगेर, सारण, पूर्णिया, मगध, दरभंगा एवं भागलपुर सहित नौ प्रमंडलों तथा एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र के लगभग 150 खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है। प्रतियोगिता के सफल संचालन एवं तकनीकी व्यवस्था के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना द्वारा आठ तकनीकी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। ये पदाधिकारी पटना, वैशाली, पूर्वी चंपारण सहित विभिन्न जिलों से आएंगे। प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी को प्रतियोगिता से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त, काजले वैभव नितिन ने सिविल सर्जन को आयोजन स्थल पर एंबुलेंस सहित मेडिकल टीम एवं प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, नगर आयुक्त, नगर निगम, बेतिया को साफ-सफाई, पेयजल एवं फॉगिंग की व्यवस्था करने तथा अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर को पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारी को स्वागत गान की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। प्रतियोगिता के दौरान प्राप्त होने वाले परिवादों की सुनवाई के लिए जूरी ऑफ अपील समिति का भी गठन किया गया है। इस संबंध में प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन के मैदान के समीप सेपकटाकरा कोर्ट का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के आवासन के लिए भी खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन, बेतिया में समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन 19 नवंबर 2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन, बेतिया में जिला प्रशासन की ओर से किया जाएगा।

Leave a Reply

Recent Post