AMIT LEKH

Post: अध्यक्ष बदलते ही फिर बदला राजद जिला कार्यालय

अध्यक्ष बदलते ही फिर बदला राजद जिला कार्यालय

कार्यालय का उद्घाटन शहर के चांदमारी मुहल्ले में जिलाध्यक्ष के हुआ निजी मकान में

दिवाकर पाण्डेय

–  अमिट लेख
मोतिहारी, (जिला न्यूज़ ब्यूरो)। राष्ट्रीय जनता दल के जिला कार्यालय का पता फिर बदल गया है। नए जिला कार्यालय का उद्घाटन शहर के चांदमारी मुहल्ले में जिलाध्यक्ष के निजी मकान में हुआ। विधि मंत्री व राजद विधायक डॉ. शमीम अहमद, जिलाध्यक्ष व कल्याणपुर विधायक मनोज यादव और सुगौली विधायक ई.शशिभूषण सिंह ने संयुक्त रुप से फीता काटकर किया। इस मौके पर अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष राजेन्द्र राम और मदरसा बोर्ड के सदस्य रेयाजूल अंसारी के सम्मान में अभिनंदन समारोह का आयोजन नव उद्घाटित कार्यालय में किया गया। अध्यक्ष बदलते ही जिला कार्यालय बदल जाने से संबंधित सवाल पूछे जाने पर विधायक सह जिलाध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि पार्टी को जल्द ही स्थायी कार्यालय मिलने जा रहा है। हम सभी मिलकर छह महीना के भीतर नये भवन के शिलान्यास में लोगों को बुलायेंगे. हम लोगों को केवल पार्टी ऑफिस हीं नहीं बनाना है। यहां भाजपा का जो नकली ऑफिस है जिसमें नकली लोग सब बैठा हुआ है। उस ऑफिस को भी उखाड़ कर फेंकना है। बता दें कि पूर्वी चंपारण जिला में राष्ट्रीय जनता दल का अपना स्थायी कार्यालय नहीं है। इसलिए पार्टी का नया जिलाध्यक्ष बनते ही जिला कार्यालय का पता बदल जाता है। अक्सर जिलाध्यक्ष को अपने निजी मकान में पार्टी कार्यालय का संचालन करना पड़ता है। इससे पूर्व के जिलाध्यक्ष सुरेश यादव अपने छतौनी स्थित आवास में कार्यालय का संचालन कर रहे थे। कल्याणपुर विधायक मनोज यादव के जिलाध्यक्ष बनने के बाद उनके निजी मकान में पार्टी कार्यालय का शनिवार को उद्घाटन हुआ।

Comments are closed.

Recent Post