रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 11 अक्टूबर 2026
‘हर शाम जरूरतमंदों के नाम’ अभियान के तहत आठ वर्षों से कर रही सेवा, रक्तदान से लेकर पर्यावरण संरक्षण तक में निभाई अहम भूमिका
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
छपरा, (सारण)। समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय संस्था युवा क्रांति रोटी बैंक का आठवां वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजद नेत्री मधु मंजरी, संस्था की अध्यक्ष नीतू गुप्ता, उपाध्यक्ष बिंदिया जायसवाल, उर्मिला गुप्ता, कुंती देवी, सुषमा सोनी, सरिता प्रकाश, प्रियंका प्रकाश और संस्थापक ई. विजय राज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन संस्था के मीडिया प्रभारी राशिद रिजवी ने किया। संस्था के संस्थापक ई. विजय राज ने कहा कि सभी सामाजिक कार्य लोगों के सहयोग और समर्थन से ही संभव हो पाते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान मुख्य अतिथि मधु मंजरी को अंगवस्त्र पहनाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। संस्था की अध्यक्ष नीतू गुप्ता ने कहा कि छपरा की जनता का स्नेह और सहयोग ही संस्था की सबसे बड़ी ताकत है। इसी के बल पर युवा क्रांति रोटी बैंक समाज के विभिन्न क्षेत्रों में जरूरतमंदों की सेवा कर रही है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय शहरवासियों और संस्था से जुड़े सभी सहयोगियों को दिया। कार्यक्रम के दौरान संस्था के संरक्षक रेनू सिंह और जयप्रकाश सिंह ने रक्तवीर सदस्यों निशांत गुप्ता, बवाली सिंह, कृष्णा मुरारी, सौरव, संतोष, पूर्णिमा, नीतू गुप्ता सहित मीडिया से जुड़े लोगों को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि मधु मंजरी ने कहा कि युवा क्रांति रोटी बैंक पिछले आठ वर्षों से छपरा जंक्शन परिसर में ‘हर शाम जरूरतमंदों के नाम’ अभियान के तहत असहाय और जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही रक्त की आवश्यकता पड़ने पर भी संस्था के सदस्य आगे आकर लोगों की मदद करते हैं। उन्होंने संस्था के सामाजिक कार्यों की सराहना की। प्रोजेक्ट मैनेजर कृष्णा श्रीवास्तव ने बताया कि संस्था की ओर से हर त्योहार पर सफाईकर्मी महिलाओं के बीच साड़ी वितरण, सर्दियों में कंबल वितरण और बरसात के मौसम में रेनकोट वितरण जैसे कार्यक्रम चलाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बाढ़ राहत से लेकर कोरोना काल तक किया सेवा कार्य :
संस्था की ओर से 10 अक्टूबर 2018 से अब तक कई सामाजिक कार्य किए गए हैं। सारण जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भोजन और राहत सामग्री का वितरण, कोरोना काल में प्रवासी मजदूरों को भोजन के पैकेट उपलब्ध कराना तथा छपरा शहर के लोगों को ऑक्सीजन उपलब्ध कराने जैसे कार्यों में संस्था ने योगदान दिया। इसके अलावा ‘जंगल प्लैनेट’ अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों पर हजारों पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए सार्वजनिक पोखरों की सफाई भी की गई।
सामूहिक विवाह आयोजन रहा खास :
इस वर्ष संस्था की प्रमुख उपलब्धियों में सामूहिक शुभ विवाह समारोह का आयोजन भी शामिल रहा। इसके माध्यम से असहाय परिवारों की दर्जनों कन्याओं का विवाह एक ही मंच पर संपन्न कराया गया। संस्था के इस प्रयास की बिहार में सराहना हुई। वार्षिकोत्सव के अवसर पर टीम के सदस्यों ने समाजसेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में संस्था के सभी सदस्य और सहयोगी उपस्थित रहे।








