रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 27 नवम्बर 2026
नगर निगम में नव अधिग्रहित वार्ड 39 के बरवत सेना में 9.55 लाख में स्वीकृत पीसीसी सड़क निर्माण में मानक गुणवत्ता अनिवार्य : गरिमा
नगर निगम बोर्ड द्वारा लल्लू महतो के घर से हफीज मियां के घर तक के लिए स्वीकृत सड़क निर्माण को तीन माह की समय सीमा में पूरा कराना अनिवार्य
बोलीं महापौर इसके निर्माण कार्य में संवेदक को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ तीन साल तक रख रखाव की दी गई है सुरक्षा गारंटी
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि नगर निगम के नव अधिग्रहित क्षेत्रों को बुनियादी नागरिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की मेरी प्रतिबद्धता के तहत वार्ड संख्या 39 के बरवत सेना में सड़क निर्माण की योजना को कार्यादेश जारी कर दिया गया है। महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि नव अधिग्रहित वार्डों में आवागमन की सुविधा मजबूत करना और प्रत्येक मोहल्ले को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ना नगर निगम प्रशासन की प्राथमिकता है।
इसी कड़ी में लल्लू महतो के घर से हफीज मियां के घर तक पीसीसी सड़क का निर्माण को उनके प्रस्ताव को नगर निगम बोर्ड द्वारा पारित करने के आधार पर इस योजना का कार्यादेश विहित प्रावधानों का अनुपालन करते हुए जारी हुआ है। महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि छठे वित्त आयोग की राशि से स्वीकृत इस योजना की प्राक्कलित लागत 13 लाख 44 हजार 686 रूपये थी, लेकिन इसके विरुद्ध संवेदक की दावेदारी के आधार पर कुल 9 लाख 55 हजार 802 रुपये की एकरारनामा राशि पर कार्यादेश दिया गया है। उन्होंने निर्धारित तीन महीने की समय-सीमा में निर्माण पूरा करने तथा बीओक्यू के अनुरूप निर्माण सामग्री और तकनीकी मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। महापौर ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्य शुरू होने से पहले, निर्माण के दौरान और पूर्ण होने के बाद फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी अनिवार्य होगी। तकनीकी गुणवत्ता जांच में गड़बड़ी मिलने पर भुगतान रोकने और संवेदक को काली सूची में डालने की कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि निर्माण के बाद 36 महीने अर्थात तीन साल तक की सुरक्षा गारंटी संवेदक को देना अनिवार्य किया गया है।

