एसएसबी 45 वीं बटालियन की सीमा चौकी कुनौली के विशेष नाका दल ने ड्यूटि के दौरान 3660 बोतल नेपाली शराब को जप्त किया
मिथिलेश कुमार झा, अनुमंडल ब्यूरो
– अमिट लेख
वीरपुर, (सुपौल)। एसएसबी 45 वीं बटालियन की सीमा चौकी कुनौली के विशेष नाका दल ने ड्यूटि के दौरान 3660 बोतल नेपाली शराब को जप्त किया। उक्त आशय की जानकारी देते हुए 45वीं बटालियन के कार्यवाहक कमांडेंट सह द्वितीय कमान अधिकारो जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि विश्वसनीय सूत्रों के माध्यम से सूचना मिली थी कि धरहरा गाँव के पास से कोशी नदी के रास्ते मादक पदार्थ की बड़ी खेप नेपाल से भारत लायी जाने वाली है।
सूचना की पुष्टि करने के उपरांत तस्करों को पकड़ने के लिए एक विशिष्ट नाका दल का गठन किया गया। निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह, निरीक्षक तेनजिंग, मुख्य आरक्षी हरिदास सिंह तथा अन्य 05 का विशेष नाका दल चिन्हित स्थान के लिए रवाना हुआ। नाका दल नदी पार कर धरहरा गाँव की तरफ बढ़ ही रहा था कि नाका दल को रेत के मैदान में कुछ व्यक्तियों कि हरकत दिखाई दी। नाका दल उस तरफ सतर्कता के साथ बढ्ने लगा। इसी बीच नाका दल को अपनी तरफ आता देख सभी अज्ञात लोग अपना सामान छोडकर नेपाल की तरफ भाग गए। तत्पश्चात नाका दल ने उस स्थान के चारों तरफ घेरा बनते हुए उस स्थान की तलाशी एवं रेत की खुदाई प्रारम्भ की। इस क्रम में नाका दल को नेपाली शराब भरी कुछ बोरिया रेत में दबी हुई मिली। साथ ही इलाके की तलाशी के दौरान झड़ियों में छुपाई हुई कुछ बोरिया और भी प्राप्त हुई। जिनकी गिनती करने पर पाया गया कि बोरियों की संख्या 57 हैं। बोरियों से शराब निकाल कर गिनने पर पाया गया की सभी बोरियों में नेपाली शराब दिलवाले की 3660 बोतल हैं । जिसे नाका दल द्वारा जब्त किया गया। इस कांड में किसी भी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हो पायी। आवश्यक कागजी कार्यवाई के उपरांत जब्त की गई शराब को थाना-कुनौली, सुपौल बिहार के सुपुर्द कर दिया गया।








