उद्घाटन हुआ संपन्न
न्यूज़ डेस्क, जिला सुपौल
मिथिलेश कुमार झा, अनुमंडल ब्यूरो
– अमिट लेख
वीरपुर, (सुपौल)। खेल के विकास के लिए भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय वीरपुर में स्थापित किए गए ‘खेलो इंडिया प्रशिक्षण केंद्र’ का उद्घाटन मंगलवार को संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी नीरज कुमार, विशिष्ट अतिथि जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार मिश्रा, बसंतपुर ग्रामीण विकास पदाधिकारी कुमार मनीष भारद्वाज, जिला एथलेटिक एसोसिएशन के प्रेसिडेंट डॉक्टर विश्वनाथ सर्राफ के अलावा पूर्व प्रमंडलीय खेल अधीक्षक लक्ष्मी नारायण यादव उपस्थित थे। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि सुपौल जिले का यह एकमात्र केंद्र है जहां 17 साल से नीचे उम्र आयु वर्ग के बच्चों को एथलेटिक्स जैसे विधा में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, वहीं बसंतपुर के ग्रामीण विकास पदाधिकारी कुमार मनीष भारद्वाज का मानना था कि वीरपुर का खेल इतिहास काफी समृद्ध रहा है, उसको बनाए रखना आज के बुद्धिजीवियों की जवाबदेही बनती है।
मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी नीरज कुमार ने कहा कि खेलो इंडिया का यह केंद्र हमारे सुपौल जिले का एक मानक है, जिसे खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए बीरपुर में स्थापित किया गया है, इस मैदान से कल कई युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे ऐसी मेरी शुभकामना है। केंद्र के नवनियुक्त प्रशिक्षक संजय राय के द्वारा फूलों का पौधा देकर अतिथियों का स्वागत किया गया। मंच का संचालन वरिष्ठ पत्रकार ओ. पी. राजू ने किया। इस अवसर पर जिला स्कॉउट-प्रमुख संजय कुमार झा, प्राचार्य अंबिकानंद झा, बिभा यादव, पंकज कुमार सिंह, कृष्ण कुमार, शारीरिक शिक्षा शिक्षक राजेश कुमार सिन्हा, मुकेश कुमार सिन्हा आदि मौजूद देखे गए।








