AMIT LEKH

Post: भागलपुर में पुलिस हिरासत से भागकर चांदन नदी में कूदा आर्म्स एक्ट का आरोपी, तेज धार में हुआ लापता

भागलपुर में पुलिस हिरासत से भागकर चांदन नदी में कूदा आर्म्स एक्ट का आरोपी, तेज धार में हुआ लापता

रिपोर्ट : पटना डेस्क, 26 सितम्बर 2026

गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उसे लेकर जा रही थी, इसी दौरान चांदन नदी के पास पहुंचते ही आरोपी ने अचानक पुलिस की पकड़ से निकलकर नदी की उफनती धार में छलांग लगा दी

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

भागलपुर, (विशेष ब्यूरो)। जिला के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हथियार के साथ गिरफ्तार आर्म्स एक्ट का आरोपी पुलिस की पकड़ से निकलकर चांदन नदी की तेज धार में कूद गया। आरोपी के अचानक नदी में छलांग लगाने से पुलिसकर्मी भी सकते में आ गए। इस दौरान एक सिपाही भी नदी में गिर गया, जो किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा। वहीं आरोपी संतोष यादव तेज बहाव में लापता हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मोहदीपुर गांव निवासी संतोष यादव को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, उसके पास से एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उसे लेकर जा रही थी। इसी दौरान चांदन नदी के पास पहुंचते ही आरोपी ने अचानक पुलिस की पकड़ से निकलकर नदी की उफनती धार में छलांग लगा दी। घटना इतनी अचानक हुई कि पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए सकते में रह गए। आरोपी के नदी में कूदने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाश की, लेकिन तेज बहाव के कारण उसका कोई पता नहीं चल सका। बताया जा रहा है कि नदी में गिरा सिपाही किसी तरह बाहर निकल आया, जबकि संतोष यादव का अब तक सुराग नहीं मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही आरोपी के परिजन भी मौके पर पहुंचे और संतोष यादव के साथ अनहोनी की आशंका जताई। परिजनों के अनुसार, संतोष को पुलिस पकड़कर ले गई थी और बाद में उसके नदी में कूदने की जानकारी मिली। इधर, पुलिस ने नदी के किनारे और आसपास के इलाकों में छानबीन की है। आरोपी के पास से बरामद देसी कट्टा और कारतूस को जब्त कर लिया गया है। पुलिस संतोष यादव के खिलाफ दर्ज अन्य मामलों की भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि चांदन नदी की तेज और उफनती धार में छलांग लगाने के बाद संतोष यादव कहां गया? पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Recent Post