मोतिहारी में 25 हजार 27 परीक्षार्थी होंगे शामिल
न्यूज़ डेस्क, पूर्वी चंपारण
दिवाकर पाण्डेय
अमिट लेख
मोतिहारी (जिला ब्यूरो) : जिलाधिकारी की अध्यक्षता में महात्मा गांधी प्रेक्षागृह ,मोतिहारी में बिहार पुलिस परीक्षा को स्वच्छ ,निष्पक्ष एवं कदाचार रहित वातावरण में परीक्षा संपन्न कराने एवं विधि व्यवस्था संधारण हेतु संबंधित पदाधिकारियों ,सभी वीक्षकों, सभी केंद्राधीक्षको एवं पुलिस पदाधिकारियों को ब्रीफिंग किया गया । विदित हो कि दिनांक 17 दिसंबर 2023 को बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, पटना के आदेशानुसार बिहार पुलिस में पुलिस अवर निरीक्षक के 1275 पदों पर चयन /भर्ती हेतु अभ्यर्थियों की प्रारंभिक लिखित परीक्षा कदाचार मुक्त ,पारदर्शी एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न किया जाना है ।जिलेभर में 18 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में यथा प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से मध्याह्न 12:00 बजे तक 12514 परीक्षार्थी शामिल होंगे एवं द्वितीय पाली अपराह्न 2:30 से अपराह्न 4:30 बजे तक 12513 परीक्षार्थी शामिल होंगे ।स्वच्छ, निष्पक्ष ,शांतिपूर्ण एवं कदाचार रहित परीक्षा संपन्न कराने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि संबंधित पदाधिकारी गण ससमय अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का निर्वहन करना सुनिश्चित करेंगे । इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा कक्षा में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, वाईफाई, गैजेट ,इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, रिस्ट वॉच इत्यादि जैसी इलेक्ट्रॉनिक सामग्री तथा व्हाइटनर, इरेज़र एवं ब्लेड जैसी सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से 30 मिनट पूर्व तक ही परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र ,कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा । इसके बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा ।परीक्षा समाप्त होने तक किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी । परीक्षा अवधि के अंतिम 30 मिनट में किसी भी परीक्षार्थी को टॉयलेट /शौचालय जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी । अनुमंडल पदाधिकारी, सदर मोतिहारी द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास दंड प्रधान संहिता की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है ।परीक्षा प्रारंभ होने के एक घंटा पूर्व से उम्मीदवारों की सघन फ्रिस्किंग के साथ प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों के ई- एडमिट कार्ड , फोटो एवं पहचान पत्र के साथ मिलान करते हुए परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचार रहित वातावरण में संचालन कराने के उद्देश्य से आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है परीक्षा से संबंधित किसी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने अथवा सूचना देने के लिए नियंत्रण कक्ष में प्रति नियुक्त पदाधिकारी से सीधे संपर्क किया जा सकता है । जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 06252 -242418 है ।








