AMIT LEKH

Post: छात्रा को रेलगाड़ी से नीचे गिराने के मामले में रेल एसपी ने किया एसआईटी टीम का गठन

छात्रा को रेलगाड़ी से नीचे गिराने के मामले में रेल एसपी ने किया एसआईटी टीम का गठन

मामला बड़ा है जल्द ही अपराधी को किया जायेगा गिरफ्तार : एसपी

न्यूज़ डेस्क, पूर्वी चंपारण  

दिवाकर पाण्डेय

अमिट लेख

मोतिहारी (जिला ब्यूरो) : सुगौली जंक्शन पर रविवार को सलोनी कुमारी से मोबाइल छीनने के बाद चलती ट्रेन से गिराने के मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। मुजफ्फरपुर के रेल पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने घटना की पूरी जानकारी लेने के बाद छह सदस्यीय एसआईटी बनाई है। एसआईटी में बेतिया के रेल पुलिस उपाधीक्षक उमेश कुमार, नरकटियागंज के पुलिस निरीक्षक प्रवीण कुमार, सुगौली के पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार व सुगौली राजकीय रेल थाना के थानाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह व रेल पुलिस के तकनीकी सेल के दो सदस्य शामिल हैं। रेल पुलिस की इस विशेष टीम ने घटनास्थल से परिस्थितिजन्य व प्रत्यदर्शियों से साक्ष्य लेने के बाद बदमाशों के कई संदिग्ध ठिकानों को खंगाला है। छापेमारी टीम में शामिल तकनीकी विशेषज्ञों के स्तर पर तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वहीं पुलिस रिकार्ड में दर्ज संदिग्ध बदमाशों के नामों को भी खंगाला जा रहा है। एसपी ने टीम को हिदायत दी है कि बदमाश की गिरफ्तारी शीघ्र सुनिश्चित की जाए। सुगौली-मुजफ्फरपुर रेलखंड के सुगौली जंक्शन पर रविवार की सुबह पुलिस अवर निरीक्षक की परीक्षा देने के लिए जिले के पलनवा थाना के ऊंचीडीह गांव निवासी प्रमोद पांडेय की पुत्री सलोनी कुमारी ने अपने गांव से सटे मसनाडीह स्टेशन से मोतिहारी के लिए सवारी ट्रेन (05288) को पकड़ी था।

उसे मोतिहारी से तुरकौलिया जग सिंह कुशवाहा बालिका उच्च विद्यालय में परीक्षा देने जाना था। रास्ते में सुगौली स्टेशन पर करीब सवा छह बजे झपटमार ने उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की। छात्रा ने इसका विरोध किया और बदमाश को दबोचने की कोशिश। इसी कोशिश में उसे बदमाश ने धक्का दे दिया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गई। गिरने के कारण उसका दायां पैर व दाया हाथ कट गया। फिलहाल वह पटना मेडिकल कालेज, हास्पीटल में ईलाजरत है। घटना के बाद उसके स्वजनों का बुरा हाल है।  रेल पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने बताया कि घटना गंभीर है। इसे अंजाम देनेवाले बदमाश की खोज में छापेमारी के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया है। बदमाश की गिरफ्तारी शीघ्र सुनिश्चित की जाएगी।

Comments are closed.

Recent Post