



महाराजगंज जनपद से ब्यूरो रिपोर्ट :
ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महराजगंज में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल
न्यूज़ डेस्क, जनपद महाराजगंज
तैयब अली चिश्ती
– अमिट लेख
महाराजगंज, (ए.एल.न्यूज़)। खबर यूपी के जनपद महराजगंज से है जहां निचलौल ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सभा भेड़िहारी में मूंज उत्पाद निर्माण को लेकर चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

बताते चलें कि उत्तर प्रदेश सरकार के ग्रामीण पर्यटन विभाग द्वारा प्रदेशभर की 259 ग्राम पंचायतों को ग्रामीण पर्यटन चैंपियन ग्राम के रूप में चयनित किया गया है। इन ग्रामों में सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय कौशल के माध्यम से आजीविका के अवसर सृजित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

महराजगंज जनपद की पांच ग्राम पंचायतें इस पहल का हिस्सा हैं, जिनमें निचलौल ब्लॉक स्थित भेड़िहारी गांव भी शामिल है। इसी क्रम में भेड़िहारी ग्राम में 25 अप्रैल से 28 अप्रैल 2025 तक चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं को मूंज उत्पाद निर्माण का व्यावसायिक प्रशिक्षण देना था।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की 15 महिलाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मूंज से विविध उपयोगी एवं सजावटी उत्पाद जैसे टोकरी, डलिया, चटाई आदि बनाने की तकनीकी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का संचालन बिहार से आईं सुनीता देवी द्वारा किया गया, जो स्वयं एक अनुभवी SHG सदस्य हैं और विगत छह वर्षों से मूंज उत्पाद निर्माण में सक्रिय हैं।

उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया है। यह कार्यक्रम ग्रामीण पर्यटन विभाग एवं GEOSTAT संस्था के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ। GEOSTAT की प्रतिनिधि तान्या अग्रवाल के समन्वय में कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। आयोजन में गांव के कोऑर्डिनेटर गजेंद्र ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस पहल के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है। भविष्य में भेड़िहारी ग्राम सभा में पारंपरिक सांस्कृतिक विधाओं जैसे बिरहा गीत, सोहर, सिलाई-कढ़ाई, और लोक संगीत पर भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि गांव को एक समृद्ध सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।