छपरा से हमारे प्रमंडलीय ब्यूरो का संकलन :
जदयू में शामिल हुये शिक्षक नेता आनंद पुष्कर, प्रदेश अध्यक्ष ने दिलाई सदस्यता, मुख्यमंत्री आवास पर लिया आशीर्वाद
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
छपरा, (सारण)। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चर्चित शिक्षक नेता एवं पूर्व प्रत्याशी आनंद पुष्कर रविवार को आधिकारिक रूप से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में शामिल हो गए। पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। यह सदस्यता ग्रहण समारोह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के निर्देश पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जदयू विधान पार्षद संजय गांधी, मुख्यालय प्रभारी चंदन कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर लिया आशीर्वाद :
सदस्यता ग्रहण करने के बाद आनंद पुष्कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने उनके आवास पहुंचे, जहां राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, सांसद देवेश चंद्र ठाकुर सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भविष्य के राजनीतिक और सामाजिक दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं।
शिक्षक हितों की आवाज़ को मिलेगी नई मजबूती : आनंद पुष्कर
जदयू में शामिल होने के बाद आनंद पुष्कर ने कहा कि वे लंबे समय से शिक्षक हितों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि जदयू द्वारा मिले इस जिम्मेदारी के बाद अब वे सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षकों, प्रतिनिधियों व शिक्षाकर्मियों की समस्याओं को और अधिक मजबूती से उठाएंगे।
जदयू नेताओं ने जताई उम्मीद :
जदयू नेताओं का कहना है कि आनंद पुष्कर के शामिल होने से पार्टी की पकड़ सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में और मजबूत होगी तथा शिक्षक समाज के साथ संवाद और प्रभाव बढ़ेगा। पार्टी ने उनके नेतृत्व और संगठनात्मक अनुभव को सारण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया है।








