बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
जीविका के रोजगार मेला में युवाओं का उमड़ा उत्साह
नरकटियागंज के युवाओं को योग्यता और तजुरबा के अनुरूप नौकरी पाने का मिला सुनहरा अवसर
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। नरकटियागंज स्थित सिंहेश्वर प्रसाद स्टेडियम में जीविका द्वारा दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के अंतर्गत रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का सफल आयोजन किया गया।

इस मेले में बड़ी संख्या में युवक-युवतियाँ अपने करियर की शुरुआत के उद्देश्य से उत्साहपूर्वक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने पंजीकरण कर कंपनियों के प्रतिनिधियों को अपना बायोडाटा सौंपा और अपनी योग्यता एवं हुनर के अनुरूप रोजगार के अवसर तलाशे।

मेले में सेल्स एवं मार्केटिंग, हॉस्पिटैलिटी, सिक्योरिटी तथा मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें ब्लिंकिट, क्वेस कॉर्प , एस.आई.एस सिक्योरिटी सिक्योर मार्केट,होप सिक्योरिटी,आशा दीप फाउंडेशन,

एन.आई.आई.टी. फाउंडेशन, नवभारत फर्टिलाइजर, सनवी ग्रीन टेक के अतिरिक्त उद्योग विभाग और आरसेटी ने भी अपना काउंटर लगाया था। मेले का विधिवत उद्घाटन एसडीएम नरकटियागंज अभिजीत कुमार गोविंदा जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक आर. के. निखिल, नगर परिषद सभापति श्रीमती रीना देवी,, प्रखंड विकास पदाधिकारी सूरज कुमार सिंह, प्रखंड परियोजना प्रबंधक रितेश सहाय एवं

रोजगार प्रबंधक अमन तिवारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक आर. के. निखिल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं को कंपनियों से सीधे संवाद का अवसर प्रदान करते हैं और उन्हें रोजगार की दिशा में आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने सभी स्टालों का निरीक्षण भी किया उन्होंने यह भी बताया कि जीविका महिलाओं में रोजगार एवं उद्यमिता विकास को लेकर प्रतिबद्ध है। एसडीएम नरकटियागंज ने इस पहल को युवाओं को सम्मानजनक रोजगार से जोड़ने की दिशा में सराहनीय कदम बताया तथा जीविका दीदियों अपनी आय दोगुना करने के प्रयासों की प्रशंसा की। कार्यक्रम के अंत में प्रखंड परियोजना प्रबंधक रितेश सहाय ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा सभी जीविका दीदियों को मेला को सफल बनाने के लिए प्रशंसा भी की।अंतिम रिपोर्ट प्राप्त होने तक 2215 युवाओं ने मेले में अपना पंजीकरण कराया था।








