पटना से हमारे विशेष संवाददाता की रिपोर्ट :
10 लाख की थी डिमांड, एसयूभी ने पकड़ा
किशनगंज के ठाकुरगंज की डीपीओ अनीता कुमारी-2 को 50,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को किशनगंज के ठाकुरगंज की डीपीओ अनीता कुमारी-2 को 50,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उन्होंने एक व्यक्ति को सस्पेंड कराने की धमकी देकर भारी भरकम रकम की मांग की थी। नालंदा जिले के नूरसराय थाना अंतर्गत जगदीशपुर तियारी निवासी नागेन्द्र कुमार (पिता- राजदेव साह) ने विशेष निगरानी इकाई, पटना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर निगरानी की टीम ने जाल बिछाया और अनीता कुमारी को 50 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। शिकायतकर्ता नागेन्द्र कुमार का आरोप है कि DPO अनीता कुमारी-2 उन्हें आरोप पत्र गठित कर सस्पेंड कराने की धमकी दे रही थीं। इस कार्रवाई से बचने के बदले उन्होंने 10 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। विशेष निगरानी इकाई ने इस मामले में भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धारा 7 के तहत कांड संख्या-08/2026 दर्ज किया है। आरोपी अधिकारी को कल पटना स्थित निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।








