छपरा से हमारे प्रमंडलीय ब्यूरो का संकलन :
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी प्रत्याशी आनंद पुष्कर ने सरकारी विद्यालयों का भ्रमण कर, शिक्षकों से किया संवाद
शिक्षकों को शीघ्र बहाल करायी जाएगी शनिवार को हाफ डे वर्किंग सुविधा: आनंद पुष्कर
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
छपरा, (सारण)। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जनता दल (यू) समर्थित एनडीए के संभावित एमएलसी प्रत्याशी आनंद पुष्कर ने शनिवार को सारण जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों का भ्रमण कर शिक्षक-शिक्षिकाओं से संवाद स्थापित किया।

भ्रमण के दौरान उन्होंने उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय गौसपुर, एमडी हाई स्कूल मेड़ौरी देवी, महम्मदपुर, कोहड़ा बाजार, छित्रवलिया, संवेदना प्रोजेक्ट बालिका विद्यालय दाउदपुर सहित कई संस्थानों में शैक्षणिक व्यवस्था, संसाधनों की उपलब्धता, शिक्षकों की कार्य स्थितियों तथा विद्यार्थियों के हितों से जुड़े मुद्दों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की।

उत्क्रमित मध्य सह उच्च माध्यमिक विद्यालय गौसपुर में आयोजित संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक मोहम्मद तौकीर अंसारी व संचालन एचएम व शिक्षक नेता मंजीत कुमार तिवारी ने किया। संवाद के क्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपने सुझाव, समस्याएँ और अपेक्षाएँ खुलकर रखीं।

शिक्षक नेता आनंद पुष्कर द्वारा सदन के बाहर रहते हुए भी शिक्षकों के हित में संघर्ष व समस्याओं के सामाधान हेतु हमेशा प्रयासरत रहने के लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सराहना करते हुए आसन्न विधां परिषद चुनाव में अपना प्रतिनिधि चुनकर सदन के अंदर भेजने का संकल्प दोहराया।

इस दौरान आनंद पुष्कर ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि शिक्षकों के अधिकार, सम्मान और सेवा-सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित मंचों तक पहुँचाया जाएगा तथा समाधान हेतु निरंतर प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को शनिवार की हाफ डे की छुट्टी शीघ्र बहाल करायी जाएगी। उन्होंने एनसीपी 2020 में वर्किंग आवर के प्रावधानों की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए हैं। विद्यालय भवन निर्माण, आधारभूत संरचना विकास, छात्र-छात्राओं के लिए प्रोत्साहन योजनाएँ और शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार जैसे कई प्रभावी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा। अपने स्वर्गीय पिता केदारनाथ पांडे को याद करते हुए आनंद पुष्कर ने कहा कि शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने का सपना उनके पिता ने देखा था। उस संकल्प को साकार करना उनका नैतिक दायित्व है और वे शिक्षक समाज के सम्मान एवं गरिमा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उनके अधिकारों की सुरक्षा, सम्मान की पुनर्स्थापना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का विस्तार ही उनका प्रमुख लक्ष्य है। इस अवसर पर शिक्षक नेता मंजीत कुमार तिवारी, मोहम्मद तौकीर अंसारी, मनमोहन तिवारी, रमेश कुमार, ओमप्रकाश सिंह, रंजीत कुमार, रंजन कुमार, किसलय कुमार, कमल कुमार सिंह सेंगर, योगेश कुमार सिंह, सनोज मेहरा, दिग्विजय गुप्ता, छविनाथ मांझी, कुमारी अर्किता कुशवाहा, जुगेंद्र प्रसाद, अमित कुमार सिंह, सुशील कुमार यादव, विकास कुमार सिंह आदि अन्य लोग मौजूद थे।








