AMIT LEKH

Post: पटना छात्रसंघ चुनाव हुआ स्थगित, छात्रों पर अमर्यादित व्यवहार का लगा आरोप…

पटना छात्रसंघ चुनाव हुआ स्थगित, छात्रों पर अमर्यादित व्यवहार का लगा आरोप…

पटना से हमारे विशेष संवाददाता की रिपोर्ट : 

पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के प्रक्रिया के बीच छात्रों के द्वारा आचार संहिता उल्लंघन और कई अमर्यादित व्यवहार की वजह से चुनाव को स्थगित किये जाने का कारण बताया है

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। बड़ी खबर राजधानी से जहां पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव को स्थगित कर दिया गया है। इस संबंध में पटना विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग के संकायाध्यक्ष ने एक पत्र जारी किया है। जारी पत्र में उन्होंने पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के प्रक्रिया के बीच छात्रों के द्वारा आचार संहिता उल्लंघन और कई अमर्यादित व्यवहार की वजह से चुनाव को स्थगित किये जाने का कारण बताया है। इस संबंध में पटना विश्वविद्यालय की तरफ से जारी पत्र में कहा गया है कि छात्रसंघ चुनाव के लिए 28 फरवरी की तारीख निर्धारित थी। लेकिन इस बीच पटना विश्वविद्यालय परिसर में पिछले कुछ दिनों से अमर्यादित और अप्रत्याशित घटनाएं घटी हैं। एक तरफ पटना विमेंस कॉलेज परिसर में कुछ छात्रों ने घुस कर हंगामा एवं नारेबाजी की, बिना अनुमति छपे हुए बैनर पोस्टर और महंगी गाड़ियों से समय से पहले चुनाव प्रचार की गई, इसके साथ ही शनिवार को पटना साइंस कॉलेज में एक कक्षा में घुस कर कुछ छात्रों ने शिक्षक एवं विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार किया। इन घटनाओं को देखते हुए छात्रसंघ चुनाव को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। बता दें कि शनिवार को नामांकन और स्क्रूटनी के बाद सभी पदों पर प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी गई थी। इसके साथ ही मुख्य चुनाव अधिकारी ने चुनाव के दौरान चुनाव प्रचार समेत अन्य कई निर्देश जारी किये थे जिसके अनुसार कहा गया था कि प्रत्याशी अपने साथ अधिकतम 5 समर्थकों के साथ ही कैंपेन कर सकते हैं। सभी का आईडी कार्ड साथ होना अनिवार्य है साथ ही चुनाव तक पटना विश्वविद्यालय परिसर में किसी भी तरह से असामाजिक तत्वों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगाये जाने का भी निर्देश जारी किया गया था।

Leave a Reply

Recent Post