बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
बेतिया में अपराध नियंत्रण और विधि व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शौर्य सुमन ने जिले के पुलिस महकमे में महत्वपूर्ण फेरबदल किया है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चम्पारण के बेतिया में अपराध नियंत्रण और विधि व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शौर्य सुमन ने जिले के पुलिस महकमे में महत्वपूर्ण फेरबदल किया है।

चम्पारण क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक के अनुमोदन के बाद जारी इस सूची में कई थानाध्यक्षों और पुलिस पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल के तहत 2024 बैच के प्रशिक्षु सहायक पुलिस अधीक्षक कार्तिकेयन ए.के. को योगापट्टी थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक सन्नी दयाल को मैनाटांड़ थाने की कमान दी गई है। इसी क्रम में पुलिस निरीक्षक धीरज कुमार को नगर थाने का थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, वहीं नगर थाने के पूर्व थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह को प्रभारी तकनीकी शाखा के साथ-साथ योगापट्टी अंचल के पर्यवेक्षी पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अन्य प्रमुख बदलावों में अभिराम सिंह को योगापट्टी से हटाकर पुलिस केंद्र भेजा गया है और उनकी जगह ध्रुव नारायण को योगापट्टी का अपर थानाध्यक्ष बनाया गया है। जगदीशपुर थाने की जिम्मेदारी अब निशी कुमारी को मिली है, जबकि पूर्व थानाध्यक्ष सौरभ कुमार को पुलिस केंद्र स्थानांतरित कर दिया गया है। इसके अलावा मैनाटांड़ के थानाध्यक्ष शंभु शरण गुप्ता को भी हटाकर पुलिस केंद्र, बेतिया भेजा गया है। एसपी शौर्य सुमन द्वारा किए गए इस बड़े बदलाव को जिले में सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।








