AMIT LEKH

Post: दुर्गा पूजा : दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु जिला पदाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश

दुर्गा पूजा : दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु जिला पदाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 07 अक्टूबर 2026

दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु जिला पदाधिकारी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

जिलास्तरीय शांति समिति एवं प्रशासनिक-पुलिस पदाधिकारियों की बैठक सम्पन्न

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। दुर्गापूजा (शारदीय नवरात्र) एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। विधि-व्यवस्था एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से आज समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।

फोटो : मोहन सिंह

बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया। जिला पदाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों से पर्व के मद्देनजर की जा रही तैयारियों एवं विधि-व्यवस्था संधारण की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा एवं दशहरा आस्था और सौहार्द का पर्व है। जिले में पर्व के दौरान शांति, सद्भाव एवं आपसी भाईचारा कायम रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में पूरी तत्परता एवं सजगता के साथ दायित्वों का निर्वहन करें। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के संवेदनशील स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। आवश्यकतानुसार ड्रोन के माध्यम से निगरानी, फ्लैग मार्च एवं सघन गश्ती कराई जाए। सभी संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। शांति समिति की बैठकें आयोजित कर स्थानीय लोगों एवं पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाए रखने का भी निर्देश दिया गया। उन्होंने कैम्प कोर्ट के माध्यम से बाउंड डाउन की कार्रवाई, सोशल मीडिया की विशेष निगरानी तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

छाया : अमिट लेख

सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री के प्रसार पर कड़ी नजर रखने को कहा गया। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी पूजा समितियां लाइसेंस प्राप्त कर ही प्रतिमा अधिष्ठापन करें तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप पूजा-पंडालों का निर्माण सुनिश्चित करें। पंडालों में फायर सेफ्टी के मानकों का पालन, सीसीटीवी, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, वॉच टावर, पब्लिक एड्रेस सिस्टम एवं प्रशिक्षित वोलेंटियर्स की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्युत तारों का सत्यापन, लाउडस्पीकर के लिए विधिवत अनुमति, अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध तथा डीजे पर पूर्णतः प्रतिबंध का सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश दिया। विसर्जन के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित तिथि एवं निर्धारित रूट से ही कराया जाए। विसर्जन स्थलों पर क्राउड मैनेजमेंट के पुख्ता इंतजाम हों तथा गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। जलस्तर को देखते हुए नावों के परिचालन में विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यकता पड़ने पर एसडीआरएफ/एनडीआरएफ की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने होटलों, ढाबों एवं लॉजों की जांच, बाइकर्स की निगरानी तथा यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराने का निर्देश दिया। इंडो-नेपाल बॉर्डर पर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। पूजा-पंडालों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया, कुमार गौतम एवं पुलिस अधीक्षक, बगहा, राजेश कुमार ने भी पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक से पूर्व जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। डीएम ने समिति के सदस्यों से कहा कि दशहरा का पर्व जिले में आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाने में सभी अपना सक्रिय सहयोग दें। शांति समिति के सदस्यों ने भी जिला प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पूर्व की भांति इस वर्ष भी जिले में दशहरा पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने में हरसंभव सहयोग किया जाएगा। बैठक में रजिया तबस्सुम, फरहान रजा, मो. एजाज, संजय कुमार सिंह, मुन्ना सोनी, मदन प्रसाद गुप्ता, इन्द्रजीत यादव, रिंकी गुप्ता, विनय कुमार, केशव राज सिंह, राजकिशोर चैधरी, इफ्तेखार अहमद उर्फ मुन्ना त्यागी, वर्मा प्रसाद, राकेश सिंह सहित अन्य सदस्यों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त, नगर निगम, बेतिया, सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता, राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनिल कुमार सिन्हा, वरीय उप समाहर्ता, श्रीमती रोचना माद्री, अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर, विकास कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, सुजीत कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Recent Post